वाराणसी
नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
वाराणसी। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), उत्तर प्रदेश ने नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए गैंग के सरगना और 25,000 रुपए के इनामी अपराधी लल्लन यादव को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में श्रीनगर कॉलोनी के पास की गई।
लल्लन यादव गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र के बोरसिया फादनपुर का निवासी है और वर्तमान में वाराणसी के सारनाथ स्थित श्रीनगर कॉलोनी में रह रहा था। गिरफ्तार करते समय एसटीएफ ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया।
एसटीएफ को लंबे समय से पूर्वांचल में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। इसी क्रम में वाराणसी एसटीएफ की टीम ने निरीक्षक अमित श्रीवास्तव और उपनिरीक्षक शहजादा खां के नेतृत्व में कार्रवाई की। विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिलने के बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लल्लन यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह 1998 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था, लेकिन 2010 में अवकाश के बाद वह सेना में वापस नहीं गया। इसके बाद उसने सेना में भर्ती कराने के नाम पर ठगी शुरू कर दी। वर्ष 2017 में उसने 50 से अधिक अभ्यर्थियों से प्रति व्यक्ति 3 लाख रुपये लेकर ठगी की। ठगी के पैसों से उसने 2024 के लोकसभा चुनाव में बलिया संसदीय क्षेत्र से बसपा का टिकट लेकर चुनाव लड़ा, लेकिन हार गया।
लल्लन यादव के खिलाफ वाराणसी, मऊ, गाजीपुर और झारखंड के पलामू में ठगी, धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और धमकी देने के कई मुकदमे दर्ज हैं। मऊ जिले के घोसी थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 293/2024 के तहत वह वांछित था।
गिरफ्तार आरोपी को मऊ के घोसी थाने में पेश किया गया है। स्थानीय पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। एसटीएफ उत्तर प्रदेश की यह कार्रवाई नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ जारी अभियान में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
