सोनभद्र
सड़क सुरक्षा सप्ताह शुरू, अल्ट्राटेक फैक्ट्री में जागरूकता अभियान
सोनभद्र। सड़क सुरक्षा सप्ताह का उद्घाटन मंगलवार को डाला सोनभद्र में अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के ट्रक यार्ड में किया गया। इस अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए जागरुकता संदेश दिए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरटीओ प्रसासन धनवीर यादव थे जबकि अध्यक्षता सीमेंट फैक्ट्री के यूनिट हेड संदीप हिवारेकर ने की। मुख्य अतिथि ने कहा कि अल्ट्राटेक ही एकमात्र कंपनी है जो सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को मानवीय जागरुकता से रोका जा सकता है और इसके लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने सलाह दी कि वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाना चाहिए यदि नींद आ रही हो तो रुक जाना चाहिए, और चढ़ाई पर वाहन को सही गियर में चढ़ाना चाहिए, वहीं ढाल पर उसी गियर में वाहन को उतारें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वाहन के टायर को गर्म नहीं होने देना चाहिए और चालक देश के आर्थिक विकास में योगदान करते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आरटीओ सचल दल प्रभारी राजेश्वर यादव ने कहा कि हमारा जीवन अभ्यास पर आधारित है जिसमें सतर्कता और प्रयास से हम दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं। साथ ही वाहन चलाते समय टेक्नोलॉजी का उपयोग न करने की सलाह दी।
आरआई आलोक यादव और यातायात प्रभारी अविनाश चंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि सोनभद्र में पिछले एक साल में 384 सड़क दुर्घटनाओं में 272 लोगों की जान चली गई।
उन्होंने हैवी वाहनों को स्पीड लिमिट के भीतर चलाने और प्रेशर हार्न के उपयोग से बचने की सलाह दी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 26 जनवरी से जिले में ‘नो हेलमेट नो फ्यूल’ योजना शुरू की जाएगी।
यूनिट हेड संदीप हिवारेकर ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान होने वाली सभी गतिविधियों की जानकारी दी और बताया कि इस दौरान सड़क सुरक्षा जागरुकता के लिए नाटक मंचन किया गया और शपथ दिलाई गई। इस सप्ताह के अंतर्गत बेहतर ट्रांसपोर्टर, मालिक, मैनेजर और चालकों को सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में टेक्निकल हेड दीपक जोशी, लॉजिस्टिक हेड प्रवीण सिंह, एडमिन हेड बी. सिंह राठौड़, सेफ्टी हेड राजाराम चौधरी, दिनेश यादव, ट्रांसपोर्टर संतोष चौबे, मनोज पाठक और शिव कुमार समेत सैकड़ों ट्रक चालक उपस्थित रहे।
