मिर्ज़ापुर
चुनार विधानसभा में आम आदमी पार्टी की बैठक सम्पन्न, जनता के मुद्दों पर सरकार को घेरा
चुनार (मिर्जापुर)। आम आदमी पार्टी, मिर्जापुर इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को चुनार विधानसभा के नियामतपुर कला में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष संजय एवं जिला उपाध्यक्ष राजकुमार यादव ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रो. बी. सिंह ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिला महासचिव दिलीप सिंह गहरवार, जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह आजाद, संकेत सिंह पटेल, महिला विंग मिर्जापुर की अध्यक्ष मीरा सिंह पटेल एवं व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रविंद्र सिंह चड्ढा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

गरीबों के हितों की अनदेखी पर चर्चा
बैठक को संबोधित करते हुए जिला महासचिव दिलीप सिंह गहरवार एडवोकेट ने कहा कि देश की जनता की समस्याओं को सुलझाने वाला कोई नेता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद से “गरीबी हटाओ” का नारा केवल छलावा साबित हुआ है और वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी गरीबों को खत्म करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने सभी वर्गों को एकजुट होकर इस अन्याय के खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि प्रो. बी. सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी सभी जातियों और धर्मों की पार्टी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली की जनता चौथी बार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनने जा रही है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने जो सुविधाएं दी हैं, वही मॉडल उत्तर प्रदेश में भी लागू किया जाएगा। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार, मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।

प्रो. बी. सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की मजबूती और आम आदमी की आवाज को बुलंद करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी महात्मा गांधी के सपनों, डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान और भगत सिंह के आदर्शों के साथ समाजवाद लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक का संचालन मुकेश सिंह ने किया। इस अवसर पर ओम प्रकाश भारती, सुनील रोहित सिंह, दया शंकर विश्वकर्मा, विरेंद्र पटेल, संदीप सिंह पटेल, लवकुश पटेल, अमित कुमार, अखिलेश प्रताप सिंह, अमरजीत कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह बैठक मिर्जापुर में आम आदमी पार्टी को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए रणनीति तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
