Connect with us

मिर्ज़ापुर

मीरजापुर: 29,083 ग्रामीणों को मिला घरौनी प्रमाणपत्र

Published

on

Loading...
Loading...

मीरजापुर, स्वामित्व योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के 50,000 गांवों में 65 लाख प्रॉपर्टी कार्ड का वितरण किया और लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5 कालीदास मार्ग से वर्चुअल रूप से 29,501 गांवों के 45,35,680 घरौनी प्रमाणपत्र वितरित किए।

मीरजापुर जिले में स्थानीय सिटी क्लब में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने उपस्थित लाभार्थियों को घरौनी प्रमाणपत्र सौंपे। जिले की सदर तहसील के 220 गांवों में 8,661, चुनार तहसील के 199 गांवों में 13,809, लालगंज तहसील के 215 गांवों में 3,200 और मड़िहान तहसील के 137 गांवों में 3,413 लाभार्थियों को मिलाकर कुल 771 गांवों के 29,083 लोगों को घरौनी प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य श्री श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह ने कहा कि पिछली सरकारों ने इस दिशा में कोई प्रयास नहीं किया, जबकि वर्तमान सरकार ने स्वामित्व प्रदान कर आपसी विवादों की समस्या का समाधान किया है। उन्होंने बताया कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के पहुँचाया जाएगा।

नगर विधायक श्री रत्नाकर मिश्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीबों और किसानों के हित में की गई पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने रामराज्य की अवधारणा को साकार करते हुए हर गरीब को आवास उपलब्ध कराया है।

मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी ने बताया कि स्वामित्व योजना से ग्रामीणों को उनकी जमीन पर मालिकाना हक मिल गया है, जिससे वे बैंकों से ऋण लेकर व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि जिले के 771 राजस्व ग्रामों में 29,083 घरौनी प्रमाणपत्र वितरित किए गए हैं और शेष लाभार्थियों को भी जल्द ही लाभान्वित किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, विधायक छानबे रिंकी कोल, अपना दल (एस) के जिला अध्यक्ष इंजीनियर राम लौटन बिंद, सहकारिता चेयरमैन जगदीश सिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चंद सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page