मऊ
कलेक्ट्रेट में लवकुश त्रिपाठी और विजय पाण्डेय की विदाई

मऊ। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा की अध्यक्षता में विदाई समारोह आयोजित किया गया जिसमें मुख्य राजस्व अधिकारी लवकुश त्रिपाठी और नाजिर विजय पाण्डेय को सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी सेवा का हिस्सा बनना और निर्धारित समय पर सेवानिवृत्त होना जीवन की स्वाभाविक प्रक्रिया है। लवकुश त्रिपाठी और विजय पाण्डेय ने 31 दिसंबर 2024 को अपनी अधिवर्षता आयु पूरी कर सेवा से विराम लिया।
उन्होंने मुख्य राजस्व अधिकारी के कार्यकाल को सराहा और बताया कि उन्होंने राजस्व और निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को पूरी निष्ठा और कुशलता से पूरा किया। न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ उनकी गजल और कविता लिखने की रुचि भी उल्लेखनीय रही। उनकी गजल की पुस्तक “दास्तान-ए-जिंदगी” जल्द ही प्रकाशित होगी।
जिलाधिकारी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि वे अब अपना समय परिवार के साथ सुखद पलों में बिताएं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
सेवानिवृत्त नाजिर विजय पाण्डेय ने अपनी यात्रा साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 1993 में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में सेवा प्रारंभ की और 2008 से नाजिर के पद पर कार्य किया। वहीं लवकुश त्रिपाठी ने नायब तहसीलदार के रूप में 1993 में अपना करियर शुरू किया और विभिन्न पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
अपने अनुभव साझा करते हुए लवकुश त्रिपाठी ने ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सेवा के दौरान कभी भी जाति, धर्म या पृष्ठभूमि का ध्यान नहीं रखना चाहिए। समारोह का संचालन भूलेख अधिकारी बलवंत पाण्डेय ने किया जिसमें कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।