Connect with us

मऊ

छात्रों ने किया रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन

Published

on

ओरिएंटल इंग्लिश स्कूल में प्रदर्शनी

घोसी (मऊ) (जयदेश)। ओरियंटल इंग्लिश स्कूल के प्रांगण में एक शानदार प्रदर्शनी का आयोजन हुआ जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और मेहनत का अद्भुत प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में विज्ञान, पर्यावरण, पंजाब की संस्कृति, संगीत और खेल से जुड़े मॉडलों को प्रस्तुत किया गया जो सभी के आकर्षण का केंद्र बने।छात्रों ने विज्ञान के क्षेत्र में सोलर सिस्टम, रोबोटिक आर्म और सोलर एनर्जी जैसे प्रोजेक्ट्स पेश किए जिन्होंने दर्शकों को विज्ञान की नई संभावनाओं से परिचित कराया।

कक्षा 8 की छात्रा इकरा नूर का मानव शरीर पर आधारित प्रोजेक्ट विशेष रूप से सराहा गया। इस मॉडल में उन्होंने मानव शरीर की संरचना और अंगों की कार्यप्रणाली को वास्तविक रूप में प्रस्तुत किया। इकरा ने इसे तैयार करने के लिए गहन शोध किया और बताया कि वह आगे भी विज्ञान और रिसर्च के क्षेत्र में काम करना चाहती हैं।

कक्षा 7 के आदित्य यादव ने भूकंप के लिए चेतावनी देने वाला “अर्थक्वेक अलार्म सिस्टम” बनायाज्ञजो प्राकृतिक आपदाओं से पहले आगाह करने में मदद कर सकता है। वहीं, कक्षा 8 की हलीमा खान ने जल संरक्षण पर आधारित रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया, जिसने लोगों को बारिश के पानी के सही उपयोग और संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। उनके मॉडल की शिक्षकों और अभिभावकों ने जमकर सराहना की।

प्रदर्शनी में पर्यावरण संरक्षण पर भी खास जोर दिया गया। प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और कचरा प्रबंधन पर आधारित प्रोजेक्ट्स ने जागरूकता बढ़ाई। ‘स्वच्छ भारत’ अभियान से प्रेरित मॉडलों ने सबका ध्यान आकर्षित किया। पंजाब की लोक संस्कृति पर आधारित मॉडलों में भांगड़ा, गिद्दा और ऐतिहासिक स्थलों की झलक दिखाई दी।

Advertisement

भारतीय संगीत और कला को दर्शाने वाले वाद्य यंत्रों और विभिन्न खेलों पर आधारित मॉडलों ने भी प्रदर्शनी को खास बनाया।इस आयोजन में विद्यालय के प्रबंधक शाहिद जमील, प्रधानाचार्य ताज परवीन, शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने बच्चों की मेहनत को सराहा और कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के समग्र विकास में सहायक होती हैं। प्रदर्शनी ने शिक्षा के साथ-साथ समाज में जागरूकता बढ़ाने का भी कार्य किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page