मिर्ज़ापुर
जमीन विवाद में कोर्ट के आदेश की अवहेलना, लेखपाल निलंबित
मिर्जापुर। जनपद के मड़िहान के देवरी कलां गांव में करोड़ों की जमीन पर विवाद और चहारदीवारी गिराने का मामला गर्माता जा रहा है। इस विवाद में कोर्ट के स्थगन आदेशों की अवहेलना करने और जमीन के अभिलेखों में कथित हेराफेरी के आरोप में देवरी कलां के लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसील के एक अन्य अधिकारी पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
जमीन पर दो पक्षों का दावा
मिर्जापुर-सोनभद्र संपर्क मार्ग पर स्थित विवादित जमीन पर रामलखन सिंह का कब्जा है। उन्होंने वहां चारदीवारी खड़ी कर हॉट मिक्स प्लांट स्थापित किया है। दूसरी ओर, रामराज यादव ने जमीन पर अपना दावा पेश किया है। रामलखन सिंह का आरोप है कि चकबंदी प्रक्रिया के दौरान रामराज यादव ने अधिकारियों की मिलीभगत से अभिलेखों में हेरफेर कर उनकी जमीन का नक्शा बदलवा दिया।

कोर्ट आदेश के बावजूद दीवार गिराई
रामलखन सिंह का दावा है कि कोर्ट से स्थगन आदेश के बावजूद उनकी जमीन की चहारदीवारी गिरा दी गई। इस मामले में रामराज यादव और अन्य 10 लोगों के खिलाफ मड़िहान थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
लेखपाल की भूमिका संदिग्ध
तत्कालीन लेखपाल की संदिग्ध भूमिका के कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया है। मामले में तहसील के एक अधिकारी की भी संलिप्तता की जांच की जा रही है। चहारदीवारी गिराने की घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी (नक्सल) ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने विवाद से संबंधित दस्तावेज और स्थिति की जानकारी ली।
