मिर्ज़ापुर
‘वीरांगना सम्मान समारोह’ में 200 महिलायें सम्मानित
मिर्जापुर। शासन की मंशा के अनुरूप मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-5.0 के तहत राजकीय पौधशाला बिसुनदरपुर मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विराट किसान मेले के दौरान “वीरांगना सम्मान समारोह” का आयोजन भव्य रूप से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवा विधायक सुचिस्मिता मौर्या, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती शक्ति त्रिपाठी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए इसकी महत्वता और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

200 महिलाओं का किया गया सम्मान
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों जैसे राजस्व, खेल, शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, उद्योग आदि में उत्कृष्ट कार्य कर रही 200 महिलाओं को ‘विरांगना शक्ति सम्मान’ से नवाजा गया। श्रीमती त्रिपाठी ने कहा, “महिलाओं को समान अवसर और अधिकार देकर समाज में उनके सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जा सकता है।”

किसानों और बालिकाओं को भी सम्मान
मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 50 किसानों को प्रशस्ति पत्र और शाल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कन्या जन्मोत्सव भी मनाया गया, जिसमें 85 नवजात बालिकाओं के लिए केक काटकर उनके अभिभावकों को बेबी किट और गिफ्ट प्रदान किए गए।

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश
कार्यक्रम के दौरान 150 छात्राओं को भी स्मृति चिन्ह और उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। ताइक्वांडो प्रशिक्षित बालिकाओं ने आत्मरक्षा का प्रदर्शन कर यह संदेश दिया कि अब बेटियां अपनी सुरक्षा स्वयं करने में सक्षम हैं। इन बालिकाओं को स्मृति चिन्ह और गिफ्ट्स भेंट किए गए।

नुक्कड़ नाटक से किया गया जागरूक
आजमगढ़ की नुक्कड़ नाटक टीम ने कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और बाल शोषण जैसे मुद्दों पर जनमानस को जागरूक किया। महिला कल्याण विभाग ने अपने स्टॉल के माध्यम से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और चाइल्ड हेल्पलाइन जैसी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, पुरुष, बच्चे और युवा उपस्थित रहे।
