मिर्ज़ापुर
टीबी मुक्त भारत अभियान: क्षय विभाग की प्राइवेट हॉस्पिटलों में सक्रियता, चिकित्सकों को दिये सुझाव
मिर्जापुर। सांसद स्तर से 2025 तक “टीबी रोग मुक्त भारत” के संकल्प को पूरा करने के तहत जनपद मिर्जापुर क्षय विभाग द्वारा अपने दायित्वों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में सोमवार को जनपद मिर्जापुर क्षय विभाग की टीम ने नगर क्षेत्र के प्राइवेट हॉस्पिटलों का दौरा कर टीबी रोग के प्रति विशेष सहभागिता निभाने वाले चिकित्सकों से संपर्क किया। साथ ही, एमडीआर (मल्टी ड्रग रेसिस्टेंट) के इलाज में संलिप्त मरीजों के घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ली गई।
टीम द्वारा प्राइवेट चिकित्सकों को सुझाव दिया गया कि वे सभी टीबी के मरीजों की समय पर सूचना विभाग को दें और मरीजों की एचआईवी, डायबिटीज, यूडीएसटी (Urine Drug Sensitivity Test) जांच भी सुनिश्चित करें। इसके अलावा, टीम ने चिकित्सकों को यह भी निर्देशित किया कि मरीजों को अब नि:क्षय पोषण योजना के तहत 1000 रुपये प्रति माह इलाज की पूरी अवधि तक दिया जा रहा है।
भ्रमण के दौरान टीम में सतीश शंकर यादव, दुर्गेश रावत, पंकज सिंह, अवध बिहारी कुशवाहा और विनोद कुमार मौजूद रहे। जांच व सुधारात्मक प्रयासों का सिलसिला जारी रहेगा।
