Connect with us

राज्य-राजधानी

यूपी की 7,500 छात्राएं बनेंगी एक दिन की अधिकारी

Published

on

Loading...
Loading...

उत्तर प्रदेश के परिषदीय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) की छात्राओं को प्रशासनिक जिम्मेदारियों से परिचित कराने और उनमें आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से उन्हें एक दिन का अधिकारी नियुक्त करने की योजना बनाई गई है। योगी सरकार द्वारा बेटियों के सशक्तिकरण के इस पहल के तहत प्रत्येक जिले से 100 और कुल मिलाकर 7500 छात्राओं को एक दिन के लिए अधिकारी बनने का अवसर प्रदान किया जाएगा, जिससे उनमें नेतृत्व और प्रबंधन कौशल का विकास होगा।

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक कार्यों का व्यावहारिक अनुभव दिलाना और उनके आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना है। चयनित बालिकाओं को जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) जैसे पदों पर एक दिन के लिए कार्यभार सौंपा जाएगा।

उदाहरणस्वरूप, कासगंज की टॉपर भूमिका और संभल की शालू पहले ही इस योजना के तहत एक दिन के लिए जिलाधिकारी बन चुकी हैं और उन्होंने अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

चयन प्रक्रिया में उन बालिकाओं को प्राथमिकता दी जाएगी जो अपने शैक्षणिक प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता के लिए पहचानी जाती हैं। इस योजना में समाज के सभी वर्गों की छात्राओं को समान अवसर दिया जाएगा जिससे समाज में बेटियों की भागीदारी और अधिक सशक्त हो सके। मिशन शक्ति के अंतर्गत यह पहल उन छात्राओं के लिए एक सुनहरा अवसर है जो अपने नेतृत्व कौशल को पहचानना चाहती हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की आकांक्षा रखती हैं।

एक दिन के लिए अधिकारी बनने वाली ये छात्राएं लोगों की समस्याओं की सुनवाई करेंगी और उनके समाधान में सक्रिय रूप से शामिल होंगी, जिससे उनकी निर्णय लेने की क्षमता और भविष्य की जिम्मेदारियों को निभाने का कौशल विकसित होगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page