वायरल
उड़द का बड़ा खाने से तीन की मौत, मिर्जापुर में घटना
मिर्जापुर: देहात कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक घटना हुई, जिसमें 50 दिन पुराने रिफाइन तेल में बने उड़द दाल के बड़े खाने से दादा-दादी और उनकी पोती की जान चली गई। इस घटना में तीन अन्य लोग भी बीमार पड़े हैं। डॉक्टरों ने इस मामले को फूड प्वाइजनिंग से जोड़कर देखा है।
गुरुसंडी चौकी क्षेत्र के टीकापुर मसारी गांव में 70 वर्षीय टेढ़ई बिंद के घर रविवार को उड़द दाल के बड़े बनाए गए थे। रात आठ बजे, टेढ़ई बिंद, उनकी पत्नी 65 वर्षीय पतिया देवी, बेटे 40 वर्षीय रमाशंकर, बहू 25 वर्षीय रानी देवी, और पोतियां 13 वर्षीय सीता और 6 वर्षीय गीता सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने ये बड़े खाए। कुछ ही समय बाद, यानी रात नौ बजे, सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।
उल्टी और दस्त के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई।परिवार ने तुरंत सभी को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान पतिया देवी की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने निजी अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को फिर से मंडलीय अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। यहां पर, टेढ़ई बिंद भी अपनी पत्नी और पोती के बाद जिंदगी की जंग हार गए।
डॉक्टरों ने बताया कि रमाशंकर और रानी की हालत गंभीर बनी हुई है। सीओ सदर अमर बहादुर ने बताया कि उड़द के बड़े 50 दिन पुराने रिफाइन तेल में बने थे, जिससे यह विषाक्त हो गए थे।इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और सभी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
