Connect with us

वाराणसी

‘संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय’ के मुख्य भवन में बनेगा 3D वैदिक म्यूजियम : सीएम योगी

Published

on

वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मुख्य भवन में 3डी वैदिक म्यूजियम बनाने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सहमति जता दी है। रविवार को विश्वविद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने इस प्रस्ताव पर स्वीकृति दे दी। इसके अलावा राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय को फिर से विश्वविद्यालय के संकाय के रूप में मान्यता देने पर भी सहमति दी। सीएम योगी ने विश्विवद्यालय में पांडुलिपियों के संरक्षण की दिशा में हो रहे कार्यों की भी सराहना की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के पठन-पाठन सहित अन्य गतिविधियों के संबंध में कुलपति और अधिकारियों ने विस्तार से जानकारी ली।

सीएम योगी ने परिसर के विभिन्न संकायों, लाइब्रेरी और छात्रावासों को भी देखा। गंगानाथ झा छात्रावास के सुक्ष्मता से निरीक्षण के बाद वहां पर साइकिल स्टैंड और वाहन स्टैंड बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। इसके साथ ही आसपास स्वच्छता और जर्जर तारों को बदलने सहित अन्य जरूरी कार्यों को कराने का सुझाव दिया। सीएम लाइब्रेरी में पुरातनकाल की पौराणिक पांडुलिपियों के संरक्षण (डिजिटलाइजेशन) से रू-ब-रू हुए। सीएम योगी सरस्वती भवन में रखी गईं दुर्लभ पांडुलिपियों में ‘रास पंचाध्यायी’, भगवतगीता और दुर्गासप्तशती को देखकर भाव विभोर हो गए। दुर्गासप्तशती को विशेष कपड़े पर लिखा गया है, जो स्वर्ण अक्षरों और स्वर्ण कलाओं से युक्त है।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने इस तरह की धरोहर को संरक्षित करने के अभियान को निरंतर जारी रखने और विवि के इस प्रयासों की सराहना भी की। मुख्यमंत्री ने विस्तार भवन में भारत सरकार के सहयोग से राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन के द्वारा पांडुलिपियों के संरक्षण के कार्यों को बारीकी से देखा और कार्य में लगे कर्मचारियों से कार्यविधि भी जानी।

कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि 234 वर्ष पुराने इस भवन में वैदिक वांग्मय के क्रमिक विकास पर थ्री-डी म्यूजियम के निर्माण का प्रस्ताव है। जिसमें जिसमें 16 संस्कारों, 64 कलाओं, 18 विद्या स्थान को विस्तृत रूप दिया जाएगा। इसके साथ ही ऋषि तुल्य आचार्यों के शोध और भारतीय नक्षत्र विद्या के म्यूजियम के भी निर्माण के प्रस्ताव की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने भारतीय नक्षत्र विद्या, खगोल विद्या, ऋषियों द्वारा किए गए कार्यों पर म्यूजियम बनाने पर सैद्धांतिक सहमति दे दी।

कुलपति ने मुख्यमंत्री के समक्ष चौकाघाट स्थित ‘राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय’ को फिर से विश्वविद्यालय के संकाय के रूप में परिवर्तित करने भी प्रस्ताव रखा। जिस पर सीएम योगी ने सहमति दी है। कुलपति ने सीएम को बताया कि परिसर के सभी विभागों के साइन बोर्ड को संस्कृत भाषा में लिखा गया है। साथ ही सीवर, ड्रेनेज और जर्जर सड़कों को व्यवस्थित कराने का कार्य प्रस्तावित है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page