पूर्वांचल
चाय-नाश्ते के चक्कर में केराकत थाना प्रभारी लाईन हाजिर
जौनपुर। सरकार के आदेश के बाद भी जनपद के केराकत थानाध्यक्ष दिलीप सिंह के ऊपर कोई असर नहीं है। थाने को मनमाने ढंग से चलाने में पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजय पाल शर्मा ने प्रभारी निरीक्षक केराकत दिलीप कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इस बारे में कई स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि जो कोई भी फरियादी थाने में जाता है तब थाना प्रभारी और उनके खासमखास आदमी हमेशा चाय-पानी का पैसा शिकायतकर्ता की जेब से ही वसूलते हैं। यहां तक की बाहरी व्यक्ति द्वारा 100 रूपये लेकर तहरीर लिखा जाता था। प्रभारी निरीक्षक ने अब तक सैकड़ो लोगों से अधिक के साथ ऐसा किया है।
गौरतलब है कि, प्रभारी निरीक्षक केराकत के आवास के बाहर रामचंद्र नामक एक व्यक्ति कुर्सी पर बैठकर तहरीर लिखने का धंधा चला रहा था। तहरीर सिर्फ नाम के लिए लिखी जाती थी। पीड़ित जब थाने के अंदर पहुंचकर कोतवाल या दीवान को तहरीर देता है तो उस पर सिर्फ कार्रवाई की बात कह कर टाल दिया जाता है। उन्हें वापस कर दिया जाता है। जबकि जीरो टॉलरेंस नीति पर अमल के लिए उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने किसी भी सरकारी दफ्तर में बाहरी कर्मियों के प्रवेश पर पूरी तरीके से रोक लगाने का आदेश दिया है।
इसके बावजूद आदेश का पालन करने वाले लोग खुद अपने दफ्तर में बाहरी व्यक्तियों को बैठकर तहरीर लिखने जैसे मामलों में शामिल हैं। जैसे यह मामला पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजय पाल शर्मा के संज्ञान में आया तब उन्होंने प्रभारी निरीक्षक केराकत दिलीप कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक के लालच और पुलिस अधीक्षक के एक्शन से जनपद में काफी चर्चा है। यहां तक की पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है।
