पूर्वांचल
विद्यालयों में खामियां देख बीएसए का चढ़ा पारा
जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने शनिवार को विकास क्षेत्र जलालपुर एवं विकास खंड केराकत के परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में मिली खामियों को देखकर बीएसए का पारा चढ़ गया। उन्होंने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश कर दिया।
बीएसए ने सबसे पहले विकास खण्ड जलालपुर के प्राथमिक विद्यालय नेवादा का निरीक्षण किया। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय मझगांवा खुर्द का निरीक्षण किया और फिर प्राथमिक विद्यालय हरिपुर का निरीक्षण किया जहां रसोई घर गंदा पाया गया। मसाले एवं अनाज रखने के लिए डिब्बे एवं कन्टेनर का प्रयोग नहीं किया गया जा रहा था। चावल को डस्टिबन वाले डिब्बे में असुरक्षित ढंग से रखा पाया गया जिसमे चूहे कूद रहे थे।
विद्यालय में गंदगी देखकर बीएसए ने सम्बंधित प्रधानाध्यापक मायाशंकर यादव का अगले आदेश तक वेतन रोक दिया। उसके बाद बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय कनुवानी का निरीक्षण किया । विकास खण्ड केराकत एबीएसए केराकत को कारण बताओ नोटिस जारी किया। कम्पोजिट विद्यालय नाऊपुर का निरीक्षण किया गया जहां पर छात्र अधिगम स्तर न्यून पाया गया। कक्षा 8 के बच्चे दो अंको एवं 3 अंको का गुणा नहीं कर पाये।
विद्यालय में पायी गयी उपरोक्त गम्भीर कमियों के दृष्टिगत प्रभारी प्रधानाध्यापक सुधीर कुमार सिंह का वेतन अग्रिम आदेश तक अवरुद्व किया गया। तत्पश्चात बांसवारी स्थित बीआरसी का निरीक्षण किया गया। जहां शौचालय अत्यन्त गन्दा पाया गया एवं परिसर में घास-फूस उगी पायी गयी। उक्त कमियों को एक सप्ताह के अन्दर दूर कर अधोहस्ताक्षरी को अवगत कराने के लिए खण्ड शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी किया गया।
