पूर्वांचल
टूटी पटरी के बारे में बताने वाले राजू सरोज को मंडल रेलवे प्रबंधक ने किया सम्मानित
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाहपुर क्षेत्र के गोधुवा गांव के रहने वाले राजू सरोज को शुक्रवार को रेलवे विभाग की ओर से रेल मंडल प्रबंधक संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान उनकी जागरूकता के लिए दिया गया है क्योंकि उनकी वजह से सही समय पर टूटी रेल पटरी को दुरुस्त कर लिया गया अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
बता दें कि, उत्तर रेलवे के वाराणसी प्रतापगढ़ लखनऊ रेल प्रखंड पर स्थित नीभापुर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास गुरुवार की भोर में रेल पटरी 8 इंच टूट गई थी। जिस पर राजू सरोज की नजर पड़ गई। उसने बिना देर पटरी टूटने की सूचना नीभापुर स्टेशन पर पहुंच कर स्टेशन अधीक्षक प्रवेश कुमार को दी। इसके बाद नीभापुर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों को जगह-जगह रोक दिया। ट्रैक की मरम्मत होने के बाद ट्रेनों का आवागमन शुरू किया गया।
राजू सरोज की तत्परता से ही भीषण हादसा टल गया। अन्यथा जोधपुर से वाराणसी जा रही मरुधर एक्सप्रेस, प्रतापगढ़ से बनारस जाने वाली पैसेंजर ट्रेन तथा वाराणसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन में से किसी एक का दुर्घटनाग्रस्त होना लगभग तय था। रेलवे हादसा को टालने में अहम भूमिका अदा करने वाले राजू को शनिवार को उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक की ओर से रेल संरक्षा सम्मान से सम्मानित किया गया।
