Connect with us

अपराध

प्रेमी से विवाद के बाद युवती ने समाप्त की इहलीला, जांच में जुटी पुलिस

Published

on

वाराणसी। भैरवनाथ, कोतवाली के रहने वाले गणेश यादव की तीन बेटियां और एक बेटा है। सबसे छोटी बेटी संध्या अस्सी क्षेत्र में स्थित पैराडाइज गेस्ट हाउस में नौकरी करती थी। संध्या गुरुवार की सुबह गेस्ट हाउस पहुंची। जहां उसका कुछ विवाद हुआ। इसके बाद बगल के गेस्ट हाउस प्रणिता पहुंची। प्रणिता गेस्ट हाउस के रिसेप्शन पर मौजूद कर्मचारियों से फ्रेश होने की बात कहकर आईडी नहीं होने के बारे में बताया। बगल में काम करने के कारण संध्या को कर्मचारी जानते भी थे। इसलिए उन्होंने रोका-टोकी नहीं की। संध्या कमरे के भीतर गई और पंखे के हुक में अपने दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। इस घटना की जानकारी जैसे ही गेस्ट हाउस स्टाफ को हुई उन सभी की पैरों तले जमीन खिसक गई।

यह घटना आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। संध्या के फांसी लगाने की जानकारी साथ काम करने वाली तान्या द्विवेदी को हुई। तान्या के अनुसार, संध्या का संकुल धारा पोखरा के रहने वाले सागर यादव नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच मोबाइल पर किसी बात को लेकर कुछ विवाद भी हुआ था। सागर यादव ने ही तान्या को फोन कर संध्या के फांसी लगाने जाने की जानकारी दी और मौके पर जाने के लिए कहा। फिर सागर ने अपना मोबाइल बंद कर लिया।

इसके बाद तान्या पैराडाइज गेस्ट हाउस के अन्य साथियों के साथ प्रणिता गेस्ट हाउस पहुंच गई। जहां वह अंदर कमरे में जाने लगी तो कर्मचारियों ने रोक दिया। जिस पर कहासुनी हुई।‌उसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर फील्ड इकाई को बुलवाकर साक्ष्य संकलन करवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर विजय शुक्ला ने बताया कि, प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना के पीछे की वजह प्रेम प्रसंग है। मृतिका संध्या का मोबाइल स्क्रीन लॉक्ड है। संध्या अपना मोबाइल घर के किसी भी सदस्य को छूने नहीं देती थी। संध्या का सीडीआर मंगवाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने पर ही कुछ कहा जा सकता है। मोबाइल से भी काफी कुछ क्लू मिल सकता है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page