Connect with us

वाराणसी

किसान नहीं देश की रीढ़ पर हमला – अजय राय

Published

on

वाराणसी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार को लहुराबीर के महामंडल नगर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि, राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा किसानों और शहीदों की धरती चंदौली से 16 फरवरी को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। यह यात्रा यूपी ही नहीं देश की आम जनता के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस अगर सत्ता में आई तो वह किसानों का कर्ज माफ कर देगी और उनके हित में जो भी संभव होगा वह कदम उठाएगी। कांग्रेस की सरकार में किसानों को न्याय दिलाने के लिए तथा डॉक्टर एम.एस स्वामीनाथन का सपना पूरा करने के लिए एमएसपी कानून बनाकर दिया जो एक ऐतिहासिक कदम था। यूपीए सरकार में किसानों का 72000 करोड़ कर्ज माफ किया गया। 2013 में भूमि अधिग्रहण कानून बना तथा 2004 से 2014 तक किसानों की फसलों के एमएसपी का प्रतिशत मूल्य बढ़ा कर दिया गया।

केन्द्र सरकार की आलोचना करते हुए अजय राय ने कहा कि, किसान देश की रीढ़ है। 2021 में दिल्ली सीमा पर किसान विरोधी तीन काले कानून के विरोध में आहुति दी थी। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों का आंदोलन यह कहते हुए समाप्त कराया था कि मेरी तपस्या में कमी रह गई होगी इसलिए यह कानून वापस लेते हैं और आपको जल्द एमएसपी का लीगल कानून बनाकर देंगे। आज सरकार का अंतिम सत्र भी समाप्त हो गया। जिसे लेकर किसानों ने दिल्ली बॉर्डर पर शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए कुछ किया तो उनके ऊपर आंसू गैस के गोले दागे गए, लाठीचार्ज किया गया और एक इलेक्ट्रॉनिक चैनल के पत्रकार को भी गोली लगी जिससे वह घायल हो गया।

अजय राय ने सवाल खड़ा किया, क्या किसानों के साथ अब पत्रकार भी देशद्रोही हो गए हैं ? कांग्रेस की यूपीए सरकार में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के समय देश के किसानों का 72000 करोड़ कर्ज माफ किया गया था।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page