वाराणसी
प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे राहगीर, सर्विस लेन बनी मुसीबत
वाराणसी। जनपद के वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग NH-31 पर बाबतपुर स्थित इंडियन ऑयल गैस बॉटलिंग प्लांट के समीप सर्विस लेन पर महीनों पूर्व कराई गई खुदाई अब राहगीरों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा कार्य अधूरा छोड़े जाने से आए दिन यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं।
यह समस्या बाबतपुर-जमालपुर मार्ग पर बनाए गए रोड क्रॉसिंग कट से जुड़ी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, NHAI के कर्मचारियों ने कई माह पहले इंडियन ऑयल बॉटलिंग प्लांट और आरटीओ कार्यालय जाने वाली सर्विस रोड के पास सड़क की खुदाई कर दी थी, लेकिन उसे उसी अवस्था में छोड़ दिया गया।
यह मार्ग वाराणसी से आने वाले लोगों के लिए जमालपुर, रमईपट्टी और आरटीओ कार्यालय पहुंचने का सबसे आसान रास्ता था। खुदाई के चलते सड़क पर मलबा फैला हुआ है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन बार-बार फंस जाते हैं। बाइक सवारों के गिरने और घायल होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी परेशानी जाहिर की है।
खुदाई के अगले दिन जब NHAI के कर्मचारी क्रॉसिंग को पूरी तरह बंद करने पहुंचे, तो ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। सूचना मिलने पर चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने NHAI को पत्र लिखकर क्रॉसिंग बंद किए जाने के कारणों की जानकारी मांगी। इसके जवाब में NHAI ने बताया कि इस स्थान पर अक्सर दुर्घटनाएं होती थीं, इसलिए इसे बंद करने का निर्णय लिया गया था।
सांसद के हस्तक्षेप के बाद यह तय हुआ कि पूरी क्रॉसिंग बंद करने के बजाय 15 फीट का मार्ग खुला रखा जाएगा, जिससे छोटे वाहनों को आवागमन में सुविधा मिल सके और बड़े वाहनों के अवैध प्रवेश पर रोक लगाई जा सके। हालांकि एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद यह निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है।
इस संबंध में NHAI के साइट इंजीनियर कन्हैयालाल गुप्ता ने बताया कि विभाग को पत्र प्राप्त हो चुका है और शीघ्र ही कार्य पूर्ण कर मार्ग को सुचारु रूप से चालू कर दिया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और आवागमन सुरक्षित बनाया जा सके।
