गाजीपुर
क्लास रूम में छात्रा की हृदयगति रुकने से मौत
जखनियां (गाजीपुर) जयदेश। डालमिस समबीम पब्लिक स्कूल की कक्षा आठ की छात्रा आर्या यादव का शुक्रवार को सुबह क्लास रूम में हृदयगति रुकने से देहांत हो गया। वह 13 वर्ष की थी। पदुमपुर ग्राम पंचायत के कोडरवा गांव निवासी एवं बदाऊ ट्रामा सेंटर में डॉक्टर अनिल कुमार यादव की आर्या सबसे बड़ी पुत्री थी। आर्या रोज की तरह सुबह तैयार होकर स्कूल गई थी। क्लास में ही प्रार्थना करने के वह अपने बेंच पर बैठने जा रही थी तभी वह गिर पड़ी। शिक्षकों ने तुरंत उसे उठाकर स्थानीय डॉक्टरों के पास ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आर्या के मृत्यु की खबर जैसे ही स्कूल में पहुंची वैसे ही पूरा स्कूल शोक में डूब गया। उधर उसके मरने की खबर जैसे ही घर परिवार और नाना व नानी को हुई, मानो उनके ऊपर पहाड़ टूट पड़ा हो। उसकी नानी अमला देवी बेहोश हो गई। नाना राजनाथ यादव अपनी सुध-बुध खो बैठे। आर्या अपनी नानी के जखनियां बाजार में स्थित आवास पर रह कर पढ़ रही थीं। शुक्रवार को वह अपनी नानी से टिफिन तैयार कराकर घर से यह कहते हुए स्कूल के लिए निकली थी कि आज पांच मिनट लेट हो गया है। सर जी मारेंगे।

उसकी नानी ने कहा तुम स्कूल जाओ। कोई नहीं मारेगा। आज मैं तुम्हारे स्कूल आऊंगी और तुम्हारे सर लोगों से कह दूंगी कि आर्या को मत मारना। इसके बाद आर्या साइकिल से स्कूल चली गई। लेकिन विधाता को तो कुछ और ही बदा था। नानी के स्कूल पहुंचने से पहले ही उनके पास आर्या के मरने की खबर आ गई। उसका एक मात्र छोटा भाई बिवान है जो अपने माता-पिता के साथ बदाऊ में था। वह अपनी नानी से यह कहकर स्कूल गई थी कि लौटकर आऊंगी तो तुम्हारे साथ बाजार चलूंगी।
आर्या के मरने की सूचना मां विजय लक्ष्मी और पिता डॉ अनिल कुमार यादव को फोन से दी गई। वे दोनों लोग बदाऊ में थे। आर्या के निधन से उसके चाचा शिक्षक बृजमोहन यादव, दिनेश यादव, रमेश यादव, दादा विश्वनाथ यादव, किशुन यादव, विवेक, आशुतोष, सचिन, राहुल, सत्यम और मामा शुभम का रो-रो कर बुरा हाल था। डालमिस समबीम स्कूल के प्रबंधक आमिर अली ने आर्या के मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उसके निधन पर स्कूल में शोक सभा कर शोक में स्कूल बंद कर दिया गया।
