गोरखपुर
27 साल पुराने बैंक गबन मामले में बड़ी कार्रवाई
गोरखपुर की पंजाब एंड सिंध बैंक गोलघर शाखा से जुड़े 34.78 लाख रुपये के कथित गबन मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक जयदीप मित्रा को वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया गया है। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की।
मामला वर्ष 1999 का है, जब शाखा प्रबंधक, कैशियर, क्लर्क और अन्य कर्मचारियों पर आरोप लगा था कि उन्होंने अपने रिश्तेदारों के नाम पर फर्जी खाते खुलवाकर उनमें अवैध रूप से धन ट्रांसफर किया और कुल 34,78,420 का गबन किया।
मामले के खुलासे के बाद गोरखपुर कैंट थाने में विश्वासघात, जालसाजी, धोखाधड़ी और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। जांच बाद में EOW को सौंप दी गई थी, जिसमें कुल 9 लोगों की संलिप्तता सामने आई थी।
अधिकांश आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि जयदीप मित्रा लंबे समय से फरार था। अब गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार शेष आरोपियों की तलाश जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
