Connect with us

वाराणसी

चांद दिखने पर शुरू होगा रमजान, शहर में इबादत की तैयारियां पूरी

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। पाक महीने रमजानुल मुबारक के आगमन को लेकर शहर के मोमिनों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रहमतों और बरकतों से भरपूर इस महीने के शुरू होने का इंतजार अब चांद के दीदार से जुड़ा है। चांद नजर आते ही 30 दिनों तक चलने वाली इबादत, रोजा और तिलावत का सिलसिला आरंभ हो जाएगा। बुधवार को रमजान का चांद दिखाई देने की संभावना जताई जा रही है। यदि चांदरात की पुष्टि हो जाती है तो जुमेरात यानी गुरुवार से पहला रोजा रखा जाएगा और रमजान की शुरुआत होगी।

मगरिब की नमाज के बाद नई सड़क स्थित लंगड़े हाफिज मस्जिद में रुइयते हेलाल कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी, जहां चांद दिखने की तस्दीक की जाएगी। चांद नजर आते ही मस्जिदों में विशेष दुआओं का दौर शुरू होगा और लोग एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद देंगे।

रमजान की आमद को लेकर शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों में बाजारों में खास रौनक देखने को मिल रही है। मस्जिदों में तरावीह की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। रंग-रोगन और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए गए हैं। सहरी और अफ्तार के लिए बाजार पूरी तरह सज चुके हैं। खजूर, तरबूज और अन्य फलों की आवक बढ़ने से बाजारों की चहल-पहल और बढ़ गई है।

शहर की प्रमुख मस्जिदों में तरावीह के कार्यक्रम तय कर दिए गए हैं। ज्ञानवापी मस्जिद में दस दिन, लाट सरैयां में तीन दिन, कोतवाली स्थित चौक मस्जिद में पांच दिन, चौक की बीबी रजिया मस्जिद में दस दिन, दालमंडी की संगमरमर मस्जिद में दस दिन, रंगीले शाह मस्जिद में 26 दिन, खजूर वाली मस्जिद में दस दिन, अलकुरैश मस्जिद में छह दिन, शेख सलीम फाटक मस्जिद में 15 दिन, दाई कंगूरा मस्जिद में दस दिन, कटिंग मेमोरियल स्थित मुश्किल आसान बाबा में छह दिन, लाट शाही मस्जिद में छह दिन, रजा कॉलोनी मस्जिद में दस दिन, सलीमपुरा की काली मस्जिद में 15 दिन, सलीमपुरा जामा मस्जिद में दस दिन, पुलिस लाइन चौराहा मस्जिद में दस दिन, मस्जिद अजगेब शहीद में छह दिन तथा धरहरा स्थित अलमगिरी मस्जिद में पांच दिन तरावीह अदा की जाएगी।

रमजान के महीने में इबादत को तीन अशरों में बांटा गया है, जिनका विशेष महत्व होता है। पहले अशरे में रहमत, दूसरे में मगफिरत और तीसरे में जहन्नम से निजात की दुआएं की जाती हैं। जैसे-जैसे रमजान नजदीक आ रहा है, शहर में इबादत, तिलावत और खैरात का माहौल बनता जा रहा है। चांद के दीदार के साथ ही यह रूहानी वातावरण अपने पूरे रंग में नजर आएगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page