Connect with us

गाजीपुर

कुंडेसर में महाशिवरात्रि पर उमड़ी आस्था

Published

on

Loading...
Loading...

कुंडेसर (गाजीपुर) जयदेश। स्थानीय विकास क्षेत्र में शिव-पार्वती विवाह अर्थात महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। शिव भक्त देर दोपहर तक अपने आराध्य देव को जलाभिषेक करते रहे। इस पर्व के लिए क्षेत्र के विभिन्न गांवों के छोटे-बड़े शिवालयों को दूल्हन की तरह इलेक्ट्रॉनिक लाइटों एवं कृत्रिम फूल की मालाओं से एक दिन पूर्व ही सजाने का काम पूरा कर लिया गया था। आज तड़के सुबह से ही जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्तों की कतारें शिवालयों में लगने लगी थीं और शांति से अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए।

शिवालय घंटों व घड़ियालों की दम-दम, टन-टन के स्वरों से गूंज रहे थे, जो आसपास के वातावरण को शिवमय बना दिए थे। क्षेत्र के अति प्राचीन मंदिर बाबा भदेश्वरनाथ भदौरा, बाबा नर्वदेश्वर महादेव मंदिर महेशपुर द्वितीय में जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। बीच-बीच में हर-हर महादेव के नारे भी लगते रहे। इस अवसर पर परम्परागत रूप से लगने वाले एक दिवसीय मेला भदौरा और महेशपुर द्वितीय में देर रात तक चलता रहा। चरखी, झूले, श्रृंगार के सामान व विविध मिठाइयों की दुकानें लगी थीं, लेकिन चरखी, झूले और जलेबी की दुकानों पर काफी भीड़ देखी गई।

इसी क्रम में स्वामी आत्मानंद इंटर कालेज टोडरपुर के परिसर में शिवालय पर एक दिवसीय हरिकीर्तन के समापन के बाद प्रधानाचार्य शिवजी यादव और उनके सहयोगियों द्वारा शिवशंकर जी को दुग्धाभिषेक किया गया। क्षेत्र के अन्य गांवों शेरपुर, वीरपुर, भांवरकोल, अवथहीं, मिर्जाबाद, पलिया, कनुवान, लोहारपुर, सुखडेहरा, मुर्की, मलसा, मालिकपुरा, चांदपुर, लौवाडीह, सोनाडी, कुंडेसर में बुढ़वा महादेव इसी क्रम में सुतारपुर में शिव बारात धूमधाम से गाजे-बाजे और बैलगाड़ी के साथ सुरतापुर खास नवापुर से अहीरौली होते हुए कुंडेसर पूर्वांचल एक्सप्रेस तक शिव बारात निकल जाती है, जिसमें हजारों की संख्या में बालक-बालिकाएं, युवक और पुरुष भक्ति गीतों की धुन के साथ-साथ नाचते-गाते हुए पूरे गांव का भ्रमण करते हैं के साथ आदि के शिव मंदिरों में भी भारी संख्या में शिवभक्तों ने जलाभिषेक करके विश्व शांति व परिवार के लिए खुशहाली का आशीर्वाद आशुतोष दानी से वर मांगे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page