Connect with us

गोरखपुर

सूने पड़े मकान में हुई भीषण चोरी

Published

on

Loading...
Loading...

गोलाबाजार (गोरखपुर)। जिले के गोला थाना क्षेत्र के ग्राम सूरदापार शुक्ल निवासी तथा गोरखपुर में एक प्रेस संस्थान में कार्यरत संपूर्णानंद तिवारी के सूने पड़े मकान में हुई भीषण चोरी का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी शुक्रवार अपराह्न उस समय हुई, जब उनके बड़े भाई घर पहुंचे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है, वहीं फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरदापार शुक्ल निवासी संपूर्णानंद तिवारी पुत्र स्वर्गीय चंद्रभूषण तिवारी गोरखपुर के एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र के विज्ञापन विभाग में कार्यरत हैं। वह तीन भाइयों में से एक हैं, जिनमें सच्चिदानंद तिवारी और अखिलानंद तिवारी भी शामिल हैं। इसी मकान में चाचा के परिवार के दयानंद तिवारी पुत्र स्वर्गीय चंद्रनारायण तिवारी भी रहते हैं। संपूर्णानंद तिवारी और उनके बड़े भाई अखिलानंद तिवारी गोरखपुर में निवास करते हैं, जबकि सबसे बड़े भाई तथा दयानंद तिवारी बाहर रहते हैं।

अगस्त माह तक संपूर्णानंद के माता-पिता घर पर रहते थे, लेकिन पिता के निधन के बाद वह अपनी माता को अपने साथ गोरखपुर ले गए थे। वर्तमान में उनकी बड़ी माता को हार्ट अटैक आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिससे परिवार के सभी सदस्य उसी में व्यस्त थे।

शुक्रवार अपराह्न अखिलानंद तिवारी गेहूं की फसल में खाद डलवाने के लिए घर पहुंचे। जब उन्होंने मुख्य दरवाजा खोलने का प्रयास किया, तो ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर देखा गया कि चोरों ने पूरे घर में जमकर तोड़फोड़ की थी। सभी बक्सों और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था।

माता के घर पर न रहने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कौन-कौन सा सामान और कौन से आभूषण चोरी हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक गोला थाने में इस संबंध में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी।

Advertisement

उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व इसी थाना क्षेत्र के रामपुर गडरी में भी चार सूने मकानों में चोरी की घटनाएं हुई थीं, जिनका अब तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page