वाराणसी
सड़क घेरकर बारातियों को नाचना पड़ेगा महंगा, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
रात 10 बजे के बाद म्यूजिक पर रोक, बारात में अनुशासन लाने उतरी पुलिस
वाराणसी। शहर में शादी-विवाह के मौसम को देखते हुए बारात और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने नए नियम लागू किए हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बैंड बाजा, म्यूजिक सिस्टम संचालकों और बरात घर संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में सभी संबंधित पक्षों ने नियमों के पालन पर सहमति जताई। पुलिस कमिश्नर ने साफ कहा कि लापरवाही बरतने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जल्द ही विवाह समारोहों का सिलसिला तेज होने वाला है, जिसके चलते शहर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में बरातें निकलेंगी। इससे अक्सर सड़कों पर जाम की स्थिति बन जाती है और आम लोगों को परेशानी होती है। हर बरात के साथ यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती संभव नहीं है, इसलिए बैंड बाजा संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सड़क के केवल 33 प्रतिशत हिस्से में ही बरात निकालें, ताकि बाकी हिस्से से वाहन आसानी से गुजर सकें।

पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि रात 10 बजे के बाद किसी भी स्थिति में म्यूजिक सिस्टम बजाने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई व्यक्ति तय समय के बाद संगीत बजाने का दबाव डालता है, तो म्यूजिक सिस्टम संचालक तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। सूचना न देने की स्थिति में संबंधित संचालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बरात घर संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने परिसरों में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करें और बरात के दौरान अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती करें, ताकि यातायात बाधित न हो। जरूरत पड़ने पर वे इस अतिरिक्त व्यवस्था के लिए उपभोक्ताओं से शुल्क भी ले सकते हैं।

यातायात पुलिस लाइन के सभागार में हुई इस बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, डीसीपी गौरव बंसवाल, आकाश पटेल, सरवणन टी, एडीसीपी डा. ईशान सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने दो टूक कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि इस नई व्यवस्था से बारातों का आयोजन भी सुचारु रूप से होगा और यातायात व्यवस्था भी बेहतर बनी रहेगी। इससे आम नागरिकों को राहत मिलेगी और शहर में शांति एवं व्यवस्था कायम रखने में मदद मिलेगी।
