गाजीपुर
“सुभासपा कोई पार्टी नहीं, एक परिवार है”— अरविंद राजभर का विपक्ष को खुला संदेश
सादात (गाजीपुर) जयदेश। सादात ब्लॉक क्षेत्र के इब्राहिमपुर ग्राम सभा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अरविंद राजभर राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव पूर्व राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “अखिलेश यादव कहते हैं कि सुहेलदेव पार्टी समाप्त हो जाएगी, लेकिन सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी कोई पार्टी नहीं बल्कि परिवार है। इसे समाप्त करने में आप खुद समाप्त हो जाएंगे।”
यह सम्मेलन चक्रवर्ती राजा सुहेलदेव राजभर की 1017वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। अरविंद राजभर ने कहा कि राजा सुहेलदेव की जयंती न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी उत्साहपूर्वक मनाई गई। लंदन, अबूधाबी सहित कई देशों से कार्यकर्ताओं ने वीडियो संदेश भेजकर जयंती मनाने की जानकारी दी, जो पार्टी और समाज के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यह सब माननीय ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व और संगठन की देन है, जिन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरकर समाज को एक नई पहचान दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों ने राजा सुहेलदेव का नाम और निशान मिटाने की साजिश रची थी, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्ष से आज अन्य दल भी राजा सुहेलदेव के नाम और इतिहास पर चर्चा करने को मजबूर हैं।
इतिहास पर बात करते हुए अरविंद राजभर ने कहा कि राजभर समाज को योजनाबद्ध तरीके से इतिहास से गायब किया गया। उन्होंने बताया कि इतिहास में केवल तीन ही ऐसे चक्रवर्ती राजा हुए जिन्होंने शब्दभेदी बाण चलाया—राजा दशरथ, पृथ्वीराज चौहान और चक्रवर्ती राजा सुहेलदेव—लेकिन इतिहासकारों ने राजा सुहेलदेव को उचित स्थान नहीं दिया।
उन्होंने कहा, “जब राम के नाम पर सम्मान मिलता है, समाजवाद और जय भीम के नाम पर सम्मान मिलता है, तो हम भी ‘जय सुहेलदेव’ के नारे के साथ अपने सम्मान की लड़ाई लड़ेंगे। यह लड़ाई हम अपने कार्यकर्ताओं के बल पर स्वयं लड़ेंगे।”
कार्यक्रम के आयोजक दीपक यादव व अरविंद सिंह (ग्राम प्रधान, इब्राहिमपुर) सहित उनकी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। विधायक बेदी राम ने माननीय ओमप्रकाश राजभर की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें अपना मार्गदर्शक और भगवान तुल्य बताया। इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ता सुदामा दादा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रितेश राम, धर्मदेव यादव, पंकज दुबे, लल्लन राजभर, सुरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शेखर गुप्ता ने किया।
