गोरखपुर
कॉल सेंटर की आड़ में विदेशियों से ठगी, छह आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। विदेशी नागरिकों को बीमा और सब्सिडी का झांसा देकर करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर गोरखपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिकंजा कस दिया है। थाना चिलुआताल पुलिस व साइबर कमांडो की संयुक्त टीम ने तीन मंजिला मकान में चल रहे अवैध कॉल सेंटर का पर्दाफाश कर 5 अभियुक्त और 1 अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। मौके से 28 लैपटॉप, 37 हेडफोन, राउटर, मोबाइल फोन, पासबुक, चेकबुक, पासपोर्ट व आधार कार्ड सहित भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया कि साइबर अपराधी अब हाईटेक तरीकों से अंतरराष्ट्रीय ठगी को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त फर्जी नामों—जॉन, जॉर्ज, लेविस, क्लार्क—का इस्तेमाल कर अमेरिका के नागरिकों को कॉल करते थे और लिखित स्क्रिप्ट के जरिए बीमा व सरकारी सब्सिडी का लालच देकर उन्हें जाल में फंसाते थे।
USA तक फैला था ठगी का नेटवर्क
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि कॉल सेंटर से कॉल आगे USA की कंपनियों—Evolvetech Innovation LLC और Advance Gro Media LLC—को फॉरवर्ड की जाती थीं, जहां अंतिम स्तर पर ठगी की जाती थी। ठगी से प्राप्त रकम का हिस्सा अभियुक्तों तक पहुंचता था। यह पूरा रैकेट ईमेल आईडी के जरिए क्लाइंट डिटेल्स साझा कर संचालित किया जा रहा था।
पुराना आपराधिक इतिहास भी आया सामने
गिरफ्तार अभियुक्तों में कुछ के खिलाफ पहले से साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ BNS की गंभीर धाराओं व आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में चार वांछित अभियुक्तों की तलाश तेज कर दी गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई संगठित साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता है। अवैध कॉल सेंटर के जरिए विदेशी नागरिकों को ठगने वाले नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में यह अहम कदम है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जाएगा।
