Connect with us

गोरखपुर

रिटायर्ड लेखपाल के परिवार को बंधक बनाकर 50 लाख से अधिक की लूट

Published

on

गोरखपुर। थाना खोराभार गोरखपुर जिले में बीती रात बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक रिटायर्ड लेखपाल और उनके पूरे परिवार को बंधक बनाकर करीब 50 लाख रुपये से अधिक की लूट कर ली। बदमाशों ने हथियार के बल पर परिवार को धमकाया और बच्चों की जान लेने की धमकी देकर अलमारियों की चाबियां हासिल कीं। पूरी वारदात महज 25 मिनट में अंजाम दी गई।

जानकारी के अनुसार, खोराबार क्षेत्र के रजही मोड़ चौकी के पास रहने वाले रिटायर्ड लेखपाल बलेंद्र सिंह (70) के घर सोमवार शाम करीब 7 बजे चार नकाबपोश बदमाश घुसे। उस समय घर में उनकी पत्नी उषा सिंह, बहू कल्पना सिंह, छोटे भाई तेजबहादुर सिंह की पत्नी पूर्णिमा सिंह सहित अन्य परिजन मौजूद थे।

दरवाजा खोलते ही बदमाशों ने लेखपाल की कनपटी पर पिस्टल सटा दी और उन्हें जबरन घर के अंदर ले गए। इसके बाद किचन में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकालकर पिस्टल दिखाते हुए उनके सोने के जेवरात उतरवा लिए और सभी को एक कमरे में बंद कर दिया।

लेखपाल ने जब शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वे लहूलुहान हो गए। इसके बाद बदमाशों ने उनके दो पोतों को उठा लिया और उनके सिर पर पिस्टल लगाकर धमकी दी कि अगर चाबियां नहीं दी गईं तो बच्चों को मार देंगे। डर के कारण घर की महिलाओं ने अलमारियों की चाबियां सौंप दीं।

बदमाशों ने घर के तीन कमरों में रखी अलमारियों को खंगाला और करीब 50 लाख रुपये से अधिक के जेवरात तथा लगभग 2.5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाश दो बाइकों से आए थे।

Advertisement

घटना के बाद लेखपाल ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर एस थाना पुलिस, एसपी सिटी अभिनव त्यागी और सीओ जोगेंद्र सिंह पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बदमाश बाइक से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पीड़ित ने बताया कि उनका छोटा भाई तेजबहादुर सिंह दृष्टिबाधित (अंधे) है, जो उस समय बरामदे में सो रहा था, बदमाशों ने उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, बदमाशों की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page