गोरखपुर
प्रभात फेरी से गूंजा बिहारी बुजुर्ग गांव
समिति बोली— “आपकी उपस्थिति से ही सफल होगा महायज्ञ, अवश्य पधारें”
गोरखपुर। खजनी तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत डोड़ो के अंतर्गत ग्राम बिहारी बुजुर्ग में आगामी 7 मार्च से 15 मार्च 2026 तक होने वाले नव दिवसीय श्रीराम महायज्ञ की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम को सफल एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाने के लिए यज्ञ समिति एवं ग्रामवासियों ने प्रभात फेरी निकालकर प्रचार-प्रसार अभियान तेज कर दिया है।
सुबह की पहली किरण के साथ ही भक्तिमय वातावरण में “जय श्रीराम”, “सीताराम” के भजनों से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। प्रभात फेरी में शामिल महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने धार्मिक ध्वज, व जयकारों के साथ गांव-गांव घूमकर लोगों को यज्ञ में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया। समिति ने बताया कि एक सप्ताह तक यह प्रभात फेरियाँ चलेंगी। तीसरे दिन बुधवार को धाधूपार एवं डड़वा गांव में फेरी लगा लोगों को जागरूक किया गया। इसके पूर्व बिहारी बुजुर्ग, बरपार टोला रेहरवा एवं साखडाड़ पांडेय का समिति के लोगों ने भ्रमण कर यज्ञ में आने का निमंत्रण दिया। अगला पड़ाव डोड़ो एवं बसियाखोर समेत आसपास के गांवों में निकलेंगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आध्यात्मिक महापर्व से जुड़ सकें।
श्रीराम यज्ञ समिति प्रभात फेरी के नायक गंगा धर पांडेय ने बताया कि यह यज्ञ सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की एकता, संस्कार, सामाजिक समरसता और लोक कल्याण का प्रतीक है। आयोजन के दौरान प्रतिदिन वेद-पारंगत विद्वान पंडितों एवं अयोध्याधाम से पधारे प्रख्यात कथावाचक अनुप्रिया पांडेय एवं कृमोहन महाराज द्वारा श्रीराम कथा का वाचन किया जाएगा। कथा का लाभ लेने के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को भागीदारी के साथ उपस्थित होने का निवेदन किया गया है।
प्रभात फेरी के नायक ने बताया कि प्रभात फेरी सुबह लगभग छह बजे मां काली मंदिर प्रांगण से शुरू होकर गांव का भ्रमण करते हुये पुनः यज्ञ स्थल पहुँचती है। इस दौरान युवाओं द्वारा शंख, मृदंग, झांझ और ढोलक की धुनों पर भजनों का सामूहिक गायन किया जाता है। युवाओं के साथ अधेड़ एवं वृद्ध रहते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस बार प्रभात फेरी में फूलों की वर्षा, तोरणद्वार, नारियल कलश, रथ सज्जा जैसे पारंपरिक स्वरूप भी देखने को मिलेंगे, जिससे गांव में देसी संस्कृति और परंपरा का जीवंत रंग झलक उठेगा। वहीं कई परिवारों द्वारा मार्ग में आने वाले स्थलों पर मीठा जल, गुड़-चने, प्रसाद वितरण की भी तैयारी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं का स्वागत किया जा सके। समिति ने कहा— “आइए, तन-मन-धन से इस पुण्य कार्य में सहभागी बनें। गांव और क्षेत्र की सुख-शांति, स्वास्थ्य, समृद्धि एवं मंगलकामना हेतु आप सभी से विनम्र निवेदन है कि यज्ञ में अवश्य पधारें। आपकी उपस्थिति और सहयोग से ही यह महायज्ञ सफल एवं सार्थक होगा।”
प्रभात फेरी में बृजराज पांडेय, सुरेंद्र मौर्य, लाल बहादुर पांडेय, हनुमान पांडेय, जनार्दन विश्वकर्मा, दीनानाथ यादव, सुग्रीव मौर्य, वकील पांडेय, राजित प्रसाद, गंगाधर पांडेय, प्रमोद पांडेय, विपिन पांडेय, प्रेमचंद विश्वकर्मा, अष्टभुजा तिवारी, बबलू तिवारी, बृषभान विश्वकर्मा, वीरेंद्र पांडेय, दीपचंद यादव, सिपाही मौर्य, पप्पू निषाद, मिथिलेश निषाद, जितेंद्र यादव, बालकिशन मौर्य, अतुल पांडेय, श्री किशुन मौर्य, सुजीत मौर्य, दिव्यांश मौर्य के साथ बरपार टोला रेहरवा एवं धाधूपार के दर्जनों सनातन धर्मी शामिल रहे। यह जानकारी श्रीराम महायज्ञ समिति अध्यक्ष पूर्व प्रधानाचार्य रमपुरवा इंटर कॉलेज फूलचंद पांडेय ने दी है।
