गाजीपुर
नवरात्र में बिजली कटौती से लोग आक्रोशित
नये अवर अभियंता के अधीन बिजली व्यवस्था प्रभावित, ग्रामीणों ने की उच्च अधिकारियों से सुधार की मांग
नंदगंज (गाजीपुर)। शारदीय नवरात्र में नंदगंज बाजार सहित ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था एकदम से चरमरा गई है। क्षेत्र में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति की जगह कट-पिट कर किसी तरह 10 घंटे ही मिल रही है। क्षेत्र में आए दिन कहीं तार टूट रहा तो कहीं जम्फर, इंसुलेटर जल रहा है, और तो और विद्युत लाइनों पर पेड़-पौधों की टहनियां व हरे बांस सट जा रहे हैं। फलस्वरूप विद्युत आपूर्ति बाधित हो जा रही है। जब से नए अवर अभियंता इंद्रजीत पटेल आए हैं, उनकी उपस्थिति नंदगंज पावर हाउस पर न के बराबर है। ये बस अखबारों में सूचना प्रकाशित करा देते हैं कि आज बिजली 10 बजे से सायं 5 बजे तक विद्युत तार के सटे पेड़-पौधों की कटिंग करने को लेकर बाधित रहेगी।

दो दिन ऐसा समाचार अखबार में प्रकाशित हुआ तो लोग पानी आदि को लेकर सचेत भी हो गए। लेकिन दोनों दिन कटौती के निर्धारित समय के बीच में भी विद्युत आपूर्ति जारी रही। इसका मतलब है कि पेड़-पौधों की कटिंग का केवल कागज़ी कोटा पूरा किया जा रहा है। इसी लिए थोड़ी हवा या हल्की बरसात होने पर भी मेन लाइन के साथ क्षेत्र की अन्य लाइनों में भी फॉल्ट आ जाता है।

शुक्रवार की रात में तेज हवा व पानी आने से क्षेत्र की सभी लाइनों में फॉल्ट आ गया है। गलीमत रही कि 33 हजार की मेन लाइन में जम्फर जलने की घटना शनिवार को सुबह 11 बजे हुई। तभी से क्षेत्र में नंदगंज कस्बा सहित अन्य जगहों की विद्युत आपूर्ति अपराह्न 2:15 बजे तक ठप रही। लोगों का कहना है कि नवरात्र के समय में बिजली की ऐसी दुर्व्यवस्था कभी नहीं थी। बल्कि 18 घंटे की जगह पर 20-22 घंटे विद्युत आपूर्ति होती रहती थी। क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
