गाजीपुर
नोनहरा कांड में छात्र नेताओं का हल्लाबोल, दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की उठी मांग
छात्र नेताओं ने सियाराम उपाध्याय को दी श्रद्धांजलि, आंदोलन की बनी रणनीति
गाजीपुर। नोनहरा थाने में पुलिसिया अत्याचार के शिकार होकर दिवंगत हुए छात्र नेता स्व. सियाराम उपाध्याय की स्मृति में रविवार की शाम 5 बजे सरजू पांडेय पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में छात्र नेता और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि जिस तरीके से सियाराम उपाध्याय समेत कई राजनीतिक और सामाजिक नेताओं को पुलिस द्वारा लाठियों से पीटा गया, वह अत्यंत नृशंस और लोमहर्षक घटना है। दिव्यांग सियाराम उपाध्याय को खून की उल्टी करते हुए घंटों तड़प-तड़प कर मरते देखना जलियांवाला बाग की याद दिलाता है। वक्ताओं ने साफ कहा कि अब जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की राह अपनाई जाएगी।
श्रद्धांजलि सभा में यह निर्णय लिया गया कि मंगलवार, 16 सितम्बर को सुबह 10 बजे छात्र नेता सैकड़ों की संख्या में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग की जाएगी। साथ ही, प्रदेश सरकार से मृतक सियाराम उपाध्याय के परिजनों को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर मृतक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। इस श्रद्धांजलि सभा में डॉ. शम्मी सिंह, शशांक उपाध्याय, राजेश उपाध्याय, अंशु पांडेय, अभिषेक राय, शीर्षदीप शर्मा, दीपक उपाध्याय, सुधांशु तिवारी, परवेज अहमद, सतीश उपाध्याय, अवनीश प्रताप सिंह, कुंवर वीरेंद्र सिंह, रवि यादव, शिव कुमार, ताम्रध्वज कुमार, राकेश मौर्य, अंकित राय, पुष्कर सिंह, प्रगति दुबे, पुष्पेंद्र उपाध्याय, आकाश चौधरी, जस्सू राय, शिवम सिंह, कुनाल राय, नायडू राय, हिमांशु तिवारी, अमित राय, कन्हैया यादव, निलेश मिश्रा, अभिषेक चौरसिया, शैलेश यादव, देवेंद्र सिंह, प्रशांत राय, टीपू सिंह, सुधांशु रंजन पांडेय, सत्यार्थ स्वामी, मनीष चौधरी, विनोद सिंह, पवन सिंह, निलेश बिंद सहित बड़ी संख्या में छात्र नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
