गाजीपुर
पहलवानों के दांव-पेंच देखने उमड़ा सैलाब
भांवरकोल (गाजीपुर)। क्षेत्र के शहीदों की स्मृति में शेरपुर खुर्द गांव में आयोजित इनामी दंगल प्रतियोगिता मंगलवार को बड़े ही उत्साह के साथ सम्पन्न हुई। दंगल में हजारों की भीड़ उमड़ी और पहलवानों के दमखम व दांव-पेंच देखकर लोग रोमांचित हो उठे।
दंगल का सबसे चर्चित मुकाबला हाथरस के भारत केसरी रामेश्वर यादव और कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के अंकित के बीच हुआ। एक लाख रुपये की नगद इनामी इस भिड़ंत में रामेश्वर यादव ने महज दो मिनट में अंकित को धूल चटा दी और इनाम पर कब्जा जमाया।
स्थानीय खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। शेरपुर के मृत्युंजय पहलवान ने संजय पहलवान (कनेरी गौरा) को मिनटों में चित कर दिया। वहीं, मुहम्मदाबाद के रिशु पहलवान ने चंदौली के कलीम पहलवान को मात दी।

अन्य कई जोड़ बराबरी पर छूटे। शेरपुर के रामप्रवेश उर्फ फत्तू और अयोध्या के गोविंद पहलवान, भुजाड़ी के सलमान एवं विशाल, मऊ के निखिल और मुहम्मदाबाद के आनंद पहलवान, गोरखपुर के अनूप और गोंडा (नन्दनी नगर) के अर्जुन पहलवान का मुकाबला बिना किसी परिणाम के समाप्त हुआ। हाथरस के रमन और अयोध्या के आशीष पहलवान के बीच दस मिनट तक चले रोमांचक दांव-पेंच भी बराबरी पर खत्म हुए।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुहम्मदाबाद इंटर कॉलेज के प्रबंधक अवध नारायण राय और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयानंद राय मोनू ने किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती ग्रामीण परंपरा का अहम हिस्सा है और ऐसे आयोजनों से नई प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम का संयोजन पूर्व जिला केसरी विकास राय ने किया। निर्णायक की भूमिका कालिका पहलवान व रमेश पहलवान ने निभाई, जबकि संचालन पवन सिंह और वसीम पहलवान ने किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मुन्ना राय, चंदनी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य पीयूष राय, अजय राय (प्रो. साक्षी ट्रेडर्स), प्रशांत (सेल्स मैनेजर, अंबुजा सीमेंट) समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों और अतिथियों ने विजेता और पराजित दोनों पहलवानों को पुरस्कार देकर हौसला अफजाई की।
