बलिया
1 जुलाई से 30 सितंबर तक चलाया जाएगा राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान

लम्बित मामलों का होगा सुलह के ज़रिये निस्तारण
बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर और जनपद न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अमित पाल सिंह के आदेश पर 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक जिले में राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लम्बित मामलों का अधिक से अधिक संख्या में निस्तारण कराना है।यह निस्तारण मध्यस्थता यानी सुलह-समझौते के माध्यम से किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत उन मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनमें आपसी समझौते की संभावना अधिक है।
इनमें वैवाहिक विवाद, सड़क दुर्घटना से संबंधित मुआवज़ा मामले, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक और सेवा से जुड़े विवाद, शमनीय आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, संपत्ति बंटवारा, बेदखली, भूमि अधिग्रहण जैसे कई दीवानी व आपराधिक मामले शामिल हैं।इन सभी मामलों का समाधान मीडिएशन सेंटर बलिया में कराया जाएगा ताकि लोगों को शीघ्र और संतोषजनक न्याय मिल सके।