Connect with us

गाजीपुर

पथ संचलन देख थम गये राहगीर, घोष वादन बना आकर्षण का केंद्र

Published

on

गाजीपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा गाजीपुर में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग के अंतर्गत निकाले गये विराट पथ संचलन ने नगरवासियों को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। पथ संचलन का दृश्य इतना मनोहारी था कि राह चलते लोगों के कदम अपने-आप रुक गए और वे अपलक दृष्टि से अनुशासनबद्ध कदमताल करते स्वयंसेवकों को निहारते रह गए।

पथ संचलन सत्यदेव डिग्री कॉलेज परिसर से आरंभ हुआ, जो मुख्य राजमार्ग होते हुए कठवामोड़ तक पहुंचा और वहां से पुनः अपने निर्धारित संघ स्थान पर लौटकर संपन्न हुआ। इस दौरान नगरवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर और “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया।

संघ के पूर्ण गणवेश में सजे स्वयंसेवकों ने एकता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए सैनिकों की भांति राष्ट्र रक्षा का संकल्प लिया। उनके हाथों में दंड और हृदय में देशभक्ति की भावना थी, जो हर कदम पर झलक रही थी। पथ संचलन में छोटे बच्चों से लेकर युवा स्वयंसेवक भी कदम से कदम मिलाकर सहभागी बने।

Advertisement

इस आयोजन का मुख्य आकर्षण घोष वादन रहा। घोष दल द्वारा प्रस्तुत मधुर और जोशीली धुनों ने माहौल को रोमांचित कर दिया। घोष की थाप पर स्वयंसेवकों की लयबद्ध चाल ने सभी को आकर्षित किया। विशेष बात यह रही कि बाल स्वयंसेवकों ने भी वरिष्ठ घोष वादकों के साथ कदम मिलाते हुए अपनी प्रस्तुति दी, जिसे देख नगरवासी अभिभूत हो उठे।

कार्यक्रम में संघ शिक्षा वर्ग के सर्ववर्गाधिकारी मलकियत सिंह बाजवा, काशी प्रान्त के सर्वाधिकारी अंगराज, प्रचारक रमेश, विभाग प्रचारक अजित, वर्ग पालक संतोष, वर्ग शिक्षक दीपक, प्रेमसागर, आदर्श, आलोक, विभाग संचालक सच्चिदानंद, दुर्गेश और प्रदीप सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग का आयोजन 23 मई से सत्यदेव डिग्री कॉलेज परिसर में किया गया है, जिसमें नगर और आसपास के क्षेत्रों से आए स्वयंसेवकों को शारीरिक, बौद्धिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page