दुनिया
5 वीं बार रूस के राष्ट्रपति बने व्लादिमीर पुतिन
स्पीच में पुतिन ने तीसरा विश्व युद्ध शुरू होने को लेकर चेतावनी दी
रूस के राष्ट्रपति चुनाव में व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर बाजी मारी है। वह लगातार 5वीं बार रूस के राष्ट्रपति बने हैं। रूस में 15 से 17 मार्च तक राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान हुआ था। इसमें पुतिन को 88 फीसदी वोट मिले हैं। इससे सत्ता पर उनकी पकड़ और मजबूत हो गई है। वह अगले छह साल के लिए रूस के राष्ट्रपति बन गए हैं।
रूस की सत्ता में व्लादिमीर पुतिन राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के रूप में 1999 से ही कायम हैं। बोरिस येल्तसिन ने खराब स्वास्थ्य के चलते 1999 में रूस की सत्ता की बागडोर व्लादिमीर पुतिन को सौंपी थी। तबसे वह कोई चुनाव नहीं हारे हैं।

राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद भाषण देते हुए पुतिन ने तीसरा विश्व युद्ध शुरू होने को लेकर दुनिया को चेतावनी दी। उन्होंने यह बात यूक्रेन और रूस के बीच चल रही लड़ाई और इसमें नाटो की बढ़ती भूमिका का जिक्र करते हुए कहा। पुतिन ने कहा, “रूस और नाटो के बीच संघर्ष इस तथ्य को जन्म देगा कि तीसरा विश्व युद्ध एक कदम दूर है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “वह यूक्रेन में रूस के “विशेष सैन्य अभियान” से जुड़े कार्यों को हल करने को प्राथमिकता देंगे और रूसी सेना को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा, “हमें बहुत से काम करने हैं। जब हम एकजुट होते हैं तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन हमें डराना या दबाना चाहता है। इतिहास में कोई भी ऐसा करने में सफल नहीं हुआ है। वे अब भी सफल नहीं हुए हैं और वे भविष्य में भी नहीं होंगे।”
