Connect with us

वाराणसी

27 साल से फरार ₹50 हजार का इनामी हत्यारोपी लंका पुलिस के हत्थे चढ़ा

Published

on

वाराणसी। थाना लंका पुलिस ने सनसनीखेज हत्या के एक पुराने मामले में वांछित 50,000 रुपए के इनामी अपराधी कल्लू सिंह उर्फ त्रिभुवन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 1997 में हैरिटेज अस्पताल के तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारी विधानचंद तिवारी की गोली मारकर हत्या करने और अन्य दो लोगों को घायल करने के मामले में अभियुक्त 27 वर्षों से फरार था।

अपराधी ने फरारी के दौरान गुजरात में पहचान छिपाकर शरण ली थी, जिसकी सूचना पुलिस को मुखबिर से मिली। सूचना पर लंका थाना पुलिस की टीम ने गुजरात जाकर अभियुक्त को गिरफ्तार किया। वाराणसी लाकर जब पीड़ित पक्ष द्वारा पहचान कराई गई तो अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। घटना 17 अप्रैल 1997 को उस समय हुई थी जब विधानचंद तिवारी अस्पताल परिसर में दस्तखत कर रहे थे, तभी दो हमलावरों ने उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस हमले में राजेश कुमार व महंथ यादव घायल हुए थे। इसी दिन नैपुरा में मायाराम पर भी गोली चलाई गई थी। इन मामलों में कल्लू सिंह और बालेन्द्र सिंह उर्फ बल्ला को नामजद किया गया था।मुकदमों में कुर्की की कार्यवाही के बाद भी कल्लू सिंह फरार था। बालेन्द्र सिंह पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। कल्लू पर न्यायालय द्वारा धारा 299 सीआरपीसी के तहत स्थायी वारंट जारी था।

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा उस पर 50,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। अब लंका पुलिस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक कार्यवाही शुरू कर दी है।गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र, उप निरीक्षक सिद्धांत कुमार राय, कांस्टेबल विजय कुमार सिंह और कांस्टेबल विजय कुमार शुक्ला शामिल रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page