गोरखपुर
होटल रिसेप्शन से चोरी करने वाला मंगेतर जोड़ा गिरफ्तार
फर्जी नाम से दूसरे होटल में रुका था मंगेतर जोड़ा
गोरखपुर। होटल में ठहरकर मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने वाले मंगेतर जोड़े को रामगढ़ताल थाना पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी किए गए मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। दोपहर बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, कुशीनगर जिले के खड्डा निवासी विशाल नामक युवक और पड़रौना की रहने वाली यशस्वी नामक युवती 14 जनवरी को शहर के आजाद चौक स्थित होटल मयूर में रुके थे। भोर करीब तीन बजे दोनों अचानक कमरे से बाहर निकले और रिसेप्शन पर रखे तीन मोबाइल फोन तथा कैश बॉक्स में रखे करीब 40 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
सुबह चोरी की जानकारी होने पर होटल संचालक ने तत्काल रामगढ़ताल थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें युवक-युवती बाइक से नौसढ़ की ओर जाते दिखाई दिए। इसके बाद सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया और आसपास के होटलों में पूछताछ शुरू कर दी गई।
इसी दौरान बाघागाड़ा के पास एक अन्य होटल में दोनों के ठहरने की सूचना मिली। पुलिस वहां पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया। जांच में सामने आया कि इस होटल में दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताकर फर्जी नाम से कमरा लिया था। युवक ने अपना नाम वरुण कन्नौजिया और युवती ने कुमारी संजू वरुण बताया था। आधार कार्ड की जांच करने पर वह भी फर्जी निकला।
पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वह एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है और नशे का आदी है। नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए उसने अपनी मंगेतर के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। वहीं युवती ने बताया कि वह पहले शहर के इंदिरानगर में अपने चाचा के घर रहती थी और उसी पते पर उसने आधार कार्ड बनवाया था।
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन, नकदी और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गई है। परिवार के लोगों को सिर्फ इतना पता था कि युवती अपने मंगेतर के साथ घूमने आई है, लेकिन उनके आपराधिक इरादों की भनक किसी को नहीं थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इससे पहले दोनों ने शहर या आसपास के जिलों में ऐसी कोई वारदात की है या नहीं।
