गोरखपुर
हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर। अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान एक हिस्ट्रीशीटर और एक चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पहली कार्रवाई हरपुर बुदहट थाने की पुलिस ने की। थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हिस्ट्रीशीटर सुरेन्द्र यादव, निवासी ग्राम मझौरा को दबोचा। आरोपी ने हाल ही में पांच लाख रुपये की अवैध मांग को लेकर एक व्यक्ति और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने उसी प्रकरण में दर्ज मुकदमे के आधार पर उसे गिरफ्तार किया।
सुरेन्द्र यादव के खिलाफ मारपीट, रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट और धमकी जैसे गंभीर अपराधों के नौ से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से इलाके में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था।
दूसरी कार्रवाई थाना रामगढ़ताल पुलिस ने की। चौकी प्रभारी चिड़ीघर उपनिरीक्षक चन्दन कुमार सिंह की टीम ने चोरी के आभूषणों के साथ अभियुक्त दीपक निषाद, निवासी रामपुर बड़ा टोला, को गिरफ्तार किया। दीपक ने 7 अक्टूबर को एक घर का ताला तोड़कर नकदी और जेवर चोरी किए थे। बरामद सामान में पीली धातु की चैन, एक जोड़ी झुमका और दो पायल शामिल हैं। दीपक निषाद पर गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और धारा 411 के छह से अधिक मामले दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने बताया कि त्यौहारों के समय अपराधों पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सक्रिय अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और उनकी गतिविधियों पर तत्परता से कार्रवाई की जाए। दोनों मामलों में पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।