वाराणसी
हवा में नमी बढ़ने से धूप का असर कम, पारा लुढ़का इतना नीचे
वाराणसी। इस सप्ताह के शुरुआती दिनों में तेज धूप और बढ़े हुए तापमान के बाद अब मौसम ने करवट बदल ली है। शुक्रवार को नम हवाओं के कारण धूप का असर कम रहा और शाम को भी ठंडक महसूस की गई। फिलहाल आने वाले कुछ दिनों में बारिश की संभावना नहीं है।
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखा। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरकर 14.5 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून सीजन (जून से सितंबर) के बाद नवंबर से सर्दियों की शुरुआत होती है। हालांकि, इस महीने के दूसरे सप्ताह तक धूप तीखी बनी हुई थी, जिससे रात में भी गर्मी का एहसास हो रहा था। लेकिन बीते दो दिनों से चल रही नम पछुआ हवाओं ने दिन और शाम को ठंडा बना दिया है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री पर रहा, जो औसत से 0.7 डिग्री कम है।
उत्तर पश्चिमी हवाओं से बदला मौसम
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के चलते मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने अनुमान जताया कि इस सप्ताह तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
