गोरखपुर
हत्या के प्रयास मामले में तीन अभियुक्त गिरफ्तार
गोरखपुर। हत्या के प्रयास के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में थाना रामगढ़ताल पुलिस ने यह सफलता हासिल की। थानाध्यक्ष नितीन रघुनाथ श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिश शर्मा द्वारा थाना रामगढ़ताल में पंजीकृत मु0अ0सं0 04/2026, धारा 3(5), 115(2), 352, 351(3) व 109(1) बीएनएस से संबंधित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अमित यादव पुत्र राधेश्याम यादव, अननीश यादव उर्फ झगड़ू पुत्र राधेश्याम तथा विनित यादव पुत्र राधेश्याम शामिल हैं। तीनों अभियुक्त गोपलापुर, थाना रामगढ़ताल, जनपद गोरखपुर के निवासी हैं। इनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
घटना के संबंध में वादी द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया कि 1 जनवरी 2026 को उनका भतीजा अपना ऑटो लेकर घर पहुंचा और उसे सड़क पर खड़ा कर दिया। इसी बात को लेकर तथा पुरानी रंजिश के चलते अभियुक्तों द्वारा विवाद किया गया, जिसके बाद उन्होंने जान से मारने की नीयत से वादी के भतीजे के साथ मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना रामगढ़ताल में उपरोक्त मुकदमा दर्ज किया गया।
इस मामले में गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक अनिश शर्मा, चौकी प्रभारी फलमंडी थाना रामगढ़ताल, उपनिरीक्षक हरिओम सिंह, कांस्टेबल बिनोद कुमार तथा कांस्टेबल विजय नाग द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
