गाजीपुर
स्वर्णकार समाज ने दिया राष्ट्रीय अधिवेशन का आमंत्रण
जखनिया (गाजीपुर)। ऑल इंडिया स्वर्णकार समाज एवं ऑल इंडिया ज्वेलर्स एसोसिएशन गाजीपुर के पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष डॉ. डी.के. वर्मा के नेतृत्व में जखनिया क्षेत्र के सर्राफा व्यापारियों से भेंट कर 21 दिसंबर को आयोजित होने वाले भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन हेतु सादर आमंत्रण पत्र वितरित किया।
इस अवसर पर डॉ. डी.के. वर्मा ने बताया कि ऑल इंडिया स्वर्णकार समाज का राष्ट्रीय अधिवेशन 21 दिसंबर 2025, रविवार को लखनऊ स्थित आनंदी वाटर पार्क रिजॉर्ट में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के आयोजक राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल वर्मा हैं तथा मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उपस्थित रहेंगे।
स्वर्णकार समाज संगठन गाजीपुर के चेयरमैन प्रमोद वर्मा ने कहा कि इस सामूहिक राष्ट्रीय अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक, व्यापारिक एवं जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा करना है। साथ ही सरकार की नई परियोजनाओं, व्यापारियों को आ रही समस्याओं तथा उनके समाधान पर भी मंथन किया जाएगा। अधिवेशन में व्यापारी सीधे सरकार के प्रतिनिधि से अपनी बात रख सकेंगे।
उन्होंने सर्राफा बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में अधिवेशन में पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की। इस दौरान जखनिया के व्यापारियों द्वारा जनपद से आए प्रतिनिधियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में संगठन के महामंत्री विनोद वर्मा, जिला चेयरमैन बेचन प्रसाद वर्मा, कोषाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, मंत्री राजेश वर्मा सहित अनेक प्रमुख पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
