Connect with us

चन्दौली

स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को किया गया जागरूक

Published

on

Loading...
Loading...

सकलडीहा (चंदौली)। सकलडीहा पी.जी. कॉलेज, सकलडीहा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर मंगलवार को स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता जन-जागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। यह शिविर आदि शक्ति मंदिर परिसर, अमृत सरोवर, ग्राम टीमिलपुर में आयोजित किया जा रहा है।

दिवस की शुरुआत स्वयंसेवकों के प्रातःकालीन नित्य क्रिया एवं योगाभ्यास से हुई। इसके पश्चात नाश्ता करने के बाद सुबह 9 बजे सभी स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण एवं उपस्थिति दर्ज की गई। इसके बाद राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने ग्राम टीमिलपुर की मलिन बस्ती तथा सकलडीहा के अंबेडकर नगर में स्वच्छता जन-जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता से संबंधित नारे लगाते हुए ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकने तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया।


इस रैली को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर प्रदीप कुमार पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री श्यामलाल सिंह यादव एवं डॉ. अनिल कुमार तिवारी के नेतृत्व में यह रैली संपन्न हुई। स्वयंसेवकों के उत्साहपूर्ण सहभाग से ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।

दोपहर में भोजनावकाश के पश्चात द्वितीय सत्र के अंतर्गत बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. शंकर सिंह यादव एवं बी.एड. विभाग के डॉ. कुमार सिंह यादव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। दोनों वक्ताओं ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों को समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्यामलाल सिंह यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनिल कुमार तिवारी ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के दोनों इकाइयों के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएँ उपस्थित रहीं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page