Connect with us

दुर्घटना

स्कूल से लौटते समय ट्रैक्टर की चपेट में आकर मासूम की मौत

Published

on

बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के चकदहा गांव में मंगलवार को हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे कक्षा दो के छात्र की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई।

चकदहा गांव निवासी अजय कुमार का छह वर्षीय पुत्र अभय सिंह लिटिल फ्लावर स्कूल, कलवारी में कक्षा 02 का छात्र था। मंगलवार को छुट्टी के बाद अभय अपनी मां के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। जैसे ही मां-बेटा चकदहा कस्बे के समीप पहुंचे, तभी तेज और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रैक्टर ने स्कूटी को चपेट में ले लिया। हादसे में अभय गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए बनहरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान अभय ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते भाई को खोने से बड़ी बहन पायल का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मां की आंखों के सामने उजड़ा बचपन हर किसी की आंखें नम कर गया।

थानाध्यक्ष कलवारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा ट्रैक्टर चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की पड़ताल जारी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page