राज्य-राजधानी
स्कूली छात्रों ने चलाया यातायात जागरूकता अभियान
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित मधुकुंज चौराहे पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ट्रैफिक एसआई संजय राय के नेतृत्व में स्कूली छात्रों ने संयुक्त रूप से ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्रों ने राहगीरों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन का महत्व समझाया।
अभियान के दौरान बच्चों ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को रोककर हेलमेट पहनने की अपील की। वहीं चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित लेन में वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया। छात्रों की इस सराहनीय पहल से आमजन में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता देखने को मिली।
ट्रैफिक एसआई संजय राय ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देना है। उन्होंने छात्रों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के माध्यम से दिया गया संदेश समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालता है।
