खेल
सेमीफाइनल की डगर पर चला भारत, बांग्लादेश को मिली करारी हार
रिपोर्ट – सुभाष चंद्र सिंह
भारत और बांग्लादेश के बीच आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर 8 चरण का सातवां मुकाबला एंटीगा में खेला गया। इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने इस मैच में पहले खेलते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 196 रन बनाया और बांग्लादेश को जीत के लिए 197 रनों का टारगेट दिया, लेकिन बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 146 रन ही बना सकी और 50 रन से मैच गंवा दिया।

टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। हार्दिक पांड्या ने 27 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। कप्तान रोहित शर्मा 11 गेंदों में 23 और विराट कोहली 28 गेंदों में 37 रन बनाकर पहले विकेट के लिए 30 रन की पार्टनरशिप की। रोहित चौथे ओवर में पवेलियन लौटे। कोहली ने ऋषभ पंत (24 गेंदों में 36, चार चौके, दो सिक्स) के संग दूसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़े।

तंजीम हसन ने नौवें ओवर में भारत को डबल झटका दिया। उन्होंने पहली गेंद पर कोहली को पवेलियन लौटा दिया और दूसरी पर सूर्यकुमार यादव (6) को विकेट के पीछ कैच कराया। पंत ने 12वें ओवर में अपना विकेट खोया। शिवम दुबे 24 गेंदों में 34 रन बनाकर हार्दिक के साथ बखूबी मोर्चा संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की। अक्षर पटेल 3 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश के लिए तंजीम हसन साकिब, रिशाद हुसैन ने दो-दो और शाकिब अल हसन ने एक विकेट लिया।

भारत से मिले लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी रही थी। टीम को 35 के स्कोर पर लिट्टन दास के रूप में पहला झटका लगा था। बांग्लादेश के लिए नजमुल हुसैन शान्तो सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 32 गेंदों में 40 रनों की पारी खेली। उनके अलावा तंजीद हसन ने 29 और रिशाद हुसैन ने 24 रन बनाए। भारत के लिए कुलदीप यादव ने 4 ओवरों में 19 रन देकर 3 विकेट लिए। जबकि बुमराह ने 4 ओवर में 13 रन देकर 2 और अर्शदीप ने 4 ओवरों में 30 रन देते हुए 2 विकेट हासिल किया।

भारत ने इस मैच में बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी राह आसान कर ली। वहीं बांग्लादेश की टीम इस हार के बाद सेमीफाइनल की होड़ से बाहर हो गई। भारत को सुपर 8 का अपना तीसरा मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 24 जून को खेलना है।
