Connect with us

वाराणसी

सुरक्षा और स्वावलंबन का संदेश लेकर सड़कों पर उतरी महिला पुलिस

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। महिला सुरक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस द्वारा रविवार को ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की एक जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। इस अभियान का नेतृत्व पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में किया गया।

रैली का शुभारंभ रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से हुआ, जहां पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। साथ ही उन्होंने हर महिला तक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

यह बाइक रैली पुलिस लाइन साइन गेट नंबर-01 से निकलकर पुलिस लाइन चौराहा, कचहरी चौराहा, अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता, दैत्रावीर, भोजूबीर दूधसट्टी और अर्दली बाजार होते हुए पुनः पुलिस लाइन में आकर समाप्त हुई। रैली में महिला पुलिस बल के साथ पीआरवी 112 की टीम भी शामिल रही।

रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं में आत्मसम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन की भावना को जागृत करने का संदेश दिया गया। साथ ही समाज में महिला सुरक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने और आमजन को मिशन शक्ति 5.0 के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

Advertisement

इस दौरान हेल्पलाइन नंबर 1090, 1930 और 112 की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाई गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर महिलाएं तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। यह रैली जागरूकता फैलाने के साथ-साथ समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल रही।

पुलिस आयुक्त ने कार्यक्रम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम बताते हुए लोगों से अपील की कि वे इस अभियान का समर्थन करें और महिला सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। मिशन शक्ति 5.0 के तहत आयोजित यह रैली महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर एक सशक्त संदेश देने में सफल रही तथा यह स्पष्ट किया कि महिलाओं के सशक्त होने से ही समाज सशक्त बनता है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page