वाराणसी
सुनीता हत्याकांड: आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ हथियार
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव में जमीनी विवाद में महिला की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी कुलदीप पटेल को बुधवार सुबह पुलिस ने छह घंटे की रिमांड पर लिया। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा उसके घर से कुछ दूरी पर सरसों के खेत से बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी कुलदीप ने पुलिस को बताया कि उसके और पड़ोसी सुनीता पटेल के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और गुस्से में आकर उसने फावड़े से सुनीता के सिर पर वार कर दिया। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस आरोपी को पुनः कारागार ले गई।

गौरतलब है कि मिर्जामुराद थानांतर्गत चित्रसेनपुर गांव में बीते 17 जनवरी की दोपहर मुन्ना पटेल की पत्नी सुनीता पटेल पर पड़ोसी कुलदीप पटेल ने गाली-गलौज करते हुए फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर में मौत हो गई थी।
पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे। उन्होंने फरार आरोपी के घर के बाहर शव रखकर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन और नारेबाजी की थी तथा गिरफ्तारी की मांग की थी।
इस मामले में मृतका के पति मुन्ना पटेल की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कुलदीप के माता-पिता को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में कुलदीप पटेल ने छह फरवरी को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
