वाराणसी
सीवर पाइप के बाद जल निकासी ठप, दांदूपुर के जईपुर में संकट गहराया
वाराणसी। जिले के बड़ागांव ब्लॉक के दांदूपुर स्थित जईपुर गांव में सड़क निर्माण कार्य के बाद जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। सीवर पाइप डाले जाने के बावजूद पानी के बहाव का प्रबंध नहीं किया गया, जिसके चलते मार्ग पर लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है और लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
यह समस्या राजभर बस्ती से होकर गुजरने वाले मुख्य मार्ग पर सामने आई है, जो ग्रामीणों के बाजार जाने का प्रमुख रास्ता है। पूर्व में यहां खड़ंजा बिछा हुआ था और उसके बीच से पानी निकासी के लिए नाला निर्माण का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन पाइप डालने के बाद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया।

जल निकासी के अभाव में नाले में पानी जमा हो रहा है, जिससे गंदगी बढ़ने के साथ ही पानी सड़ने लगा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इस स्थिति से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
समस्या को लेकर ग्रामीणों ने दांदूपुर के ग्राम प्रधान से शिकायत की है। ग्राम प्रधान ने आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही सड़क की मरम्मत कराकर खड़ंजा बिछवाया जाएगा। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके और आवागमन सुचारु हो सके।
