वाराणसी
सीएम योगी ने वाराणसी में मनाया पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन
‘नमो प्लॉगथॉन’ रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 74वां जन्मदिन मनाया। उन्होंने 74 किलो लड्डू का केक काटकर खास तरीके से जन्मदिन मनाया। इस दौरान भाजपा के स्थानीय नेता समेत हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जन्मदिन मनाने के पूर्व उन्होंने बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया।

इसके अलावा सीएम योगी ने मंगलवार को लगातार हो रही बारिश के बावजूद ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने ‘नमो प्लॉगथॉन’ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 74वें जन्मदिवस पर किया गया, जिसे स्वच्छता और सेवा के प्रति समर्पित किया गया है।
नमो प्लॉगथॉन के तहत सैकड़ों वॉलिंटियर्स ने भारी बारिश के बावजूद ‘भारत मां की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाते हुए छाते हाथों में लिए रैली में भाग लिया। इस अनूठी रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा दिया।
सीएम योगी ने इसके अलावा रक्तदान शिविर का शुभारंभ करते हुए कबीरचौरा अस्पताल में ब्लड डोनेशन के लिए लोगों को जागरूक करने का भी काम किया। फिलहाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। इसके बाद शहीद उद्यान में आयोजित अन्य कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे।
