Connect with us

गाजीपुर

सिधौना को मिलेगा आधुनिक पंचायत उत्सव भवन, ग्रामीणों को बड़ी राहत

Published

on

Loading...
Loading...

सिधौना (गाजीपुर) जयदेश। सैदपुर विधानसभा क्षेत्र के सिधौना गांव में बहुपयोगी पंचायत उत्सव भवन के निर्माण की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। शादी-विवाह, तिलकोत्सव, मुंडन, जन्मोत्सव व अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए महंगे निजी वैवाहिक लॉन पर निर्भर ग्रामीणों, विशेषकर गरीब और कमजोर वर्ग के परिवारों को अब बड़ी राहत मिलने वाली है।

ग्राम पंचायत क्षेत्र में लगभग 1 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस दो मंजिला पंचायत उत्सव भवन के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। पंचायत राज विभाग द्वारा प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है, जिस पर शीघ्र स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीण विकास और पंचायत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सिधौना गांव में पूर्व में सामुदायिक शौचालय, कूड़ाघर और पंचायत भवन का निर्माण कराया जा चुका है। अब पंचायत उत्सव भवन निर्माण से गांव की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।

ग्राम प्रधान गीता सिंह ने बताया कि यह परियोजना एमएलसी विशाल सिंह चंचल के सार्थक प्रयासों का परिणाम है। प्रस्तावित भवन को निजी गेस्ट हाउस की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिसमें अत्याधुनिक और सुविधाजनक व्यवस्थाएं होंगी।

उत्सव भवन में विशाल हॉल, आकर्षक मंच, सुंदर मंडप, सौ से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला सभागार, तीन कमरे, स्वच्छ रसोईघर, शौचालय, दिव्यांगजनों के लिए रैम्प व विशेष शौचालय के साथ पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। कम शुल्क पर बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराए जाने से जहां ग्रामीणों को सस्ते में आयोजन स्थल मिलेगा, वहीं पंचायत की आय में भी वृद्धि होगी। इस पहल को गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page