गाजीपुर
सावित्री इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 25वां वार्षिकोत्सव
गाजीपुर। जिले के नंदगंज स्थित सावित्री इंटरनेशनल स्कूल, बरहपुर का 25वां वार्षिकोत्सव रजत जयंती के रूप में शनिवार को बच्चों के भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक स्व० राणा प्रताप सिंह की 23वीं पुण्यतिथि पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने गीत, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। छात्राओं ने लोकगीत, भक्ति गीत, नृत्यगीत और एकांकी प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खासा सराहा। छोटे बच्चों ने बसंत गीत, राजस्थानी गीत और भोजपुरी डांस सहित अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एमएलसी विशाल सिंह चंचल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात अतिथियों ने स्व० राणा प्रताप सिंह के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि छात्राओं द्वारा राष्ट्रवाद से प्रेरित कार्यक्रमों को देखकर मन हर्षित हो गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों में वसुधैव कुटुम्बकम की भावना से प्रस्तुत किए गए कार्यक्रमों के माध्यम से ही देश प्रेम और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने विद्यालय के लिए बनी सीसी रोड का फीता काटकर लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम की संयोजक संतोष कुमार सिंह एवं प्रधानाचार्या सोनी सिंह तथा पूर्व प्रधानाचार्या प्रतिमा सिंह द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। इस मौके पर हिन्दू युवा वाहिनी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय, बरहपुर ग्राम प्रधान विजय कुमार सिंह सबलू, केदारनाथ सिंह, दुर्गेश सिंह, सत्या यादव, बुलबुल सिंह और राजेश यादव सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक लल्लन सिंह और प्रबंधक सावित्री सिंह ने किया।
